खबरेंपूर्वांचल

इसी साल शुरू होगा वरूण बेवरेजेज गोरखपुर प्लांट : रोज 3 लाख लीटर दूध की होगी जरूरत, जानें क्या बोले मंत्री नंदी

Gorakhpur News : सीएम योगी ने शनिवार को गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के समीप बस रहे औद्योगिक गलियारे में गीडा के सेक्टर 27 में बहुराष्ट्रीय कंपनी पेप्सिको की फ्रेंचाइजी मेसर्स वरुण बेवरेजेज के 1071 करोड़ रुपये के निवेश से लग रहे प्लांट का भूमि पूजन व शिलान्यास किया। इस प्लांट में इसी साल से काम शुरू हो जाएगा और हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा।

इस अवसर पर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन से आज पूर्वांचल औद्योगिक विकास की रोशनी से जगमगा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सपा-बसपा सरकारों ने कभी औद्योगिक विकास, रोजगार इके बारे में नहीं सोचा। उन्होंने पूर्वांचल को माफिया दिए, गुंडागर्दी और बदहाली दी।

नंदी ने कहा कि मानवीय मूल्यों, जनसेवा और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन विरोधियों को करारा जवाब दिया है। जो कहते थे कि यूपी में एमओयू हवा में होता है। हम रिकॉर्ड एमओयू तो करते ही हैं, उसे धरातल पर भी उतारते हैं। औद्योगिक विकास मंत्री ने कहा कि 2017 और आज के उत्तर प्रदेश में जमीन-आसमान का अंतर है। योगी जी के नेतृत्व में उत्तम प्रदेश बन चुका उत्तर प्रदेश अब सर्वोत्तम प्रदेश बनने को अग्रसर है।

सपने को हकीकत में बदल रहे सीएम योगी : रविकिशन
सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि गोरखपुर में पेप्सिको का प्लांट कभी सपना था, आज सीएम योगी की पहल पर हकीकत है। प्रदेश की समृद्धि व नागरिकों की खुशहाली के लिए सीएम योगी सपनों को हकीकत में बदल रहे हैं। विपक्षी दलों के नेताओं पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि आज पेप्सिको के इस प्लांट के भूमि पूजन से विरोधी जलभुनकर खाक हो गए होंगे। सांसद ने गोरखपुर के विकास को ‘चौंचक ब्रांड’ बताते हुए लोगों को सुझाव दिया कि वरुण बेवरेजेज को रोज 3 लाख लीटर दूध चाहिए, इसलिए लोग गाय, भैंस पालन कर आमदनी बढ़ा सकते हैं।

इसी साल शुरू हो जाएगा उत्पादन : जयपुरिया
स्वागत संबोधन में मेसर्स वरुण बेवरेजेज के चेयरमैन रविकांत जयपुरिया ने कहा कि गोरखपुर जैसे पवित्र शहर में भूमि पूजन वरुण बेवरेजेज के लिए बड़ा अवसर है। वरुण बेवरेजेज विश्व मे पेप्सी के लार्जेस्ट मैन्युफैक्चरर में से एक हैं। विश्व में इसका दूसरा स्थान है। देश में वरुण बेवरेजेज के 36 प्लांट और उत्तर प्रदेश में 7 प्लांट संचालित हैं। गोरखपुर में स्थापित हो रहा प्लांट 8वां होगा।

उन्होंने बताया कि इस एडवांस टेक्नोलॉजी वाले इस सुपर मेगा प्रोजेक्ट में इसी साल से उत्पादन भी प्रारंभ हो जाएगा। करीब 1100 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्लांट से 1500 लोगों को रोजगार मिलेगा। यही नहीं यहां दूध की आपूर्ति कर 10 हजार ग्रामीण परिवार अपनी आजीविका मजबूत कर सकेंगे।

जयपुरिया ने कहा कि प्लांट में प्रतिदिन 3 लाख लीटर दूध प्रोसेस कर मिल्क बेस्ड प्रोडक्ट जैसे मिल्क पाउडर, मक्खन, देसी घी का भी उत्पादन किया जाएगा। इससे डेयरी और लघु उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा। वरुण बेवरेजेज द्वारा लगाए जा रहे प्लांट में पेप्सिको के मल्टीनेशनल ब्रांड वाले उत्पाद बनेंगे। यहां कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक्स, फ्रूट पल्प बेस्ड ड्रिंक्स, मिल्क बेस्ड प्रोडक्ट्स, बेवरेज बेस्ड सिरप का उत्पादन होगा। साथ ही क्रीम बेल्स ब्रांड से आइसक्रीम भी बनेगा।

जयपुरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने के बाद वरुण बेवरेजेज को महज ढाई माह में चार जिलों में प्लांट के लिए भूखंड का आवंटन हो गया। गोरखपुर के बाद जल्द ही प्रयागराज, चित्रकूट व अमेठी में प्लांट लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वरुण बेवरेजेज इस क्षेत्र के औद्योगिक विकास में योगदान देने के लिए संकल्पित है। साथ ही कम्पनी अपने सामाजिक दायित्व को भी समझती है। इसके दृष्टिगत सीएसआर फंड से स्वस्थ समुदाय का विकास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वरुण बेवरेजेज आरोग्य हेल्थ क्लिनिक से फ्री मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराती है। गोरखपुर के लोगों को भी यह मुफ्त सुविधा मिलेगी। प्लांट के तकनीकी पक्ष को वरुण बेवरेजेज के अधिशाषी निदेशक कमलेश जैन व टेक्निकल हेड राजेश कुमार ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ धर्मेंद्र सिंह, विधायक प्रदीप शुक्ल, विपिन सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, औद्योगिक एवं अवस्थापना विकास आयुक्त मनोज सिंह, मेदांता मेडिसिटी के चेयरमैन व प्रबंध निदेशक के डॉ नरेश त्रेहन, जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश, गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पवन अग्रवाल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Related posts

PET Exam 2022 : पीईटी लिखित परीक्षा के दिन रहेंगे ये प्रतिबंध, दुकान खोलने की मनाही, जनपद में धारा 144 का होगा पालन

Sunil Kumar Rai

जारी रहेगी एग्रीजंक्शन योजना : यूपी कैबिनेट ने लगाई मुहर, 10000 सेंटर स्थापित करेगी योगी सरकार

Abhishek Kumar Rai

Deoria News : सीडीओ ने रूच्चापार आंगनवाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण, 10 दिन में काम पूरा कराने का आदेश

Sunil Kumar Rai

इस चारे से सुधरी गोवंशों की सेहत : कम हुआ दवा का खर्च, देवरिया में होगा उत्पादन

Sunil Kumar Rai

Cabinet Decision : UP Board के 56 लाख छात्रों से जुड़े फैसले को कैबिनेट की स्वीकृति, पीएम मोदी का जताया आभार

Abhishek Kumar Rai

भाजपा ने शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह की याद में लगाए पौधे : कारगिल के वीरों को दी श्रद्धांजलि

Sunil Kumar Rai
error: Content is protected !!