उत्तर प्रदेशखबरें

योगी सरकार का फैसला : 4 मई तक सरकारी अफसरों की छुट्टी रद्द, 24 घंटे में ज्वाइन करनी होगी ड्यूटी, जानें वजह

Uttar Pradesh : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने आगामी ईद, अक्षय तृतीया आदि त्योहारों को देखते हुए सभी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की छुट्टी रद्द कर दी है। थानाध्यक्ष, सीओ और पुलिस कप्तान से लेकर जिलाधिकारी, मण्डलायुक्त तक सभी प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों का आगामी 4 मई तक का अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त होगा। जो वर्तमान में अवकाश पर हैं, अगले 24 घंटे के भीतर तैनाती स्थल पर वापस लौटेंगे।

साथ ही सीएम ने अफसरों को सतर्क रहने तथा सावधानी बरतने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सौहार्द, शान्ति एवं कानून-व्यवस्था राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अव्यवस्था और अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने के आदेश दिए।

त्योहारों का सीजन है

मुख्यमंत्री योगी सोमवार को अपने सरकारी आवास पर जोन एवं रेंज स्तर के पुलिस अधिकारियों एवं मण्डलायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानून- व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कई महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व-त्योहार हैं। रमजान का महीना चल रहा है। ईद का त्योहार और अक्षय तृतीया एक ही दिन होना संभावित है। ऐसे में वर्तमान परिवेश को देखते हुए पुलिस को अतिरिक्त संवेदनशील रहना होगा।

संवाद कायम करें

थानाध्यक्ष से लेकर एडीजी तक अगले 24 घंटे के भीतर अपने-अपने क्षेत्र के धर्मगुरुओं, समाज के अन्य प्रतिष्ठित जनों के साथ सतत् संवाद बनाएं। सीएम ने कहा कि हालिया दिनों में विभिन्न धर्मों के कई पवित्र पर्वों का आयोजन हुआ। यह सुखद है कि पूरे प्रदेश में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा। प्रदेश में हर एक नागरिक की सुरक्षा हम सभी का प्राथमिक दायित्व है। हमें अपने इस दायित्व के प्रति सदैव सतर्क-सावधान रहना होगा।

कार्रवाई की जाए

उन्होंने कहा कि हर एक पर्व शांति और सौहार्द के बीच सम्पन्न हों, इसके लिए स्थानीय जरूरतों के दृष्टिगत सभी जरूरी प्रयास किए जाएं। शरारतपूर्ण बयान जारी करने वालों के साथ कड़ाई से पेश आएं। माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के साथ पूरी कठोरता की जाए। ऐसे लोगों के लिए सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं होना चाहिए।

तैनाती क्षेत्र में गुजारें रात
मुख्यमंत्री ने कहा कि तहसीलदार, एसडीएम, थानाध्यक्ष, सीओ आदि अपनी तैनाती के क्षेत्र में ही रात्रि विश्राम करें। शासकीय आवास है, तो वहां रहें अथवा किराए का आवास लें। लेकिन रात्रि में अपने ही क्षेत्र में रहें। इस व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

तय सीमा में रहे आवाज

सीएम ने कहा कि अपनी धार्मिक विचारधारा के अनुसार सभी को अपनी उपासना पद्धति को मानने की स्वतंत्रता है। माइक का प्रयोग किया जा सकता है, लेकिन यह सुनिश्चित हो कि माइक की आवाज़ उस परिसर से बाहर न आए। अन्य लोगों को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। नए स्थलों पर माइक लगाने की अनुमति न दें।

नए आयोजन नहीं होंगे

उन्होंने कहा कि शोभायात्रा, धार्मिक जुलूस बिना विधिवत अनुमति के न निकाला जाए। अनुमति देने से पूर्व आयोजक से शांति-सौहार्द कायम रखने के सम्बन्ध में शपथ पत्र लिया जाए। अनुमति केवल उन्हीं धार्मिक जुलूसों को दी जाए, जो पारम्परिक हों। नए आयोजनों को अनावश्यक अनुमति न दी जाए।

4 मई तक छुट्टी बंद

मुख्यमंत्री ने कहा कि थानाध्यक्ष, सीओ और पुलिस कप्तान से लेकर जिलाधिकारी, मण्डलायुक्त तक सभी प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों का आगामी 4 मई तक का अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त होगा। जो वर्तमान में अवकाश पर हैं, अगले 24 घंटे के भीतर तैनाती स्थल पर वापस लौटें। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा इस व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

ड्रोन का इस्तेमाल हो

सीएम ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। ड्रोन का उपयोग कर स्थिति पर नजर रखें। हर दिन सायंकाल पुलिस बल फुट पेट्रोलिंग जरूर करे। पीआरवी 112 एक्टिव रहे। धार्मिक कार्यक्रम, पूजा-पाठ आदि निर्धारित स्थान पर ही हों। यह सुनिश्चित करें कि सड़क मार्ग, यातायात बाधित कर कोई धार्मिक आयोजन न हो।

थानाध्यक्ष को सस्पेंड किया

मुख्यमंत्री ने बीते दिन एक बालिका के उत्पीड़न के प्रकरण में लखनऊ कमिश्नरेट के गुडम्बा थाना क्षेत्र में लापरवाही की घटना का संज्ञान लेते हुए कहा कि सम्बन्धित आरोपियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए। सम्बन्धित थानाध्यक्ष को निलम्बित किया जाए। हल्के के दरोगा, बीट सिपाही के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। कार्रवाई के उपरान्त से मुख्यमंत्री कार्यालय को अवगत कराएं।

अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना संजय प्रसाद उपस्थित थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एडीजी (लॉ एण्ड ऑर्डर) प्रशान्त कुमार सहित जोन एवं रेंज स्तर के पुलिस अधिकारी तथा मण्डलायुक्त जुड़े हुए थे।

Related posts

सीएम योगी का आदेश : ‘बालू-मोरम और गिट्टी की कीमतें रहें नियंत्रित,’ कालाबाजारी करने वालों पर होगी ये कार्रवाई

Sunil Kumar Rai

ओ लेवल प्रशिक्षण के आवेदन की आज अन्तिम तिथि : ऑनलाइन जमा करना होगा एप्लिकेशन

Abhishek Kumar Rai

यूपी : सड़क दुर्घटनाओं से बचाव को लेकर सीएम सख्त, चूके अफसर तो होगी कार्रवाई

Sunil Kumar Rai

DEORIA BREAKING : डीएम ने 5 स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों का वेतन रोका, ये कार्रवाई भी होगी, जानें वजह

Sunil Kumar Rai

देवरिया में 15 मार्च से शुरू होगी गेहूं की खरीद : तुरंत होगा भुगतान, समर्थन मूल्य में हुई इतनी बढ़ोत्तरी

Sunil Kumar Rai

चिंताजनक : टीवी चैनलों की कवरेज पर केंद्र ने जताई आपत्ति, जारी की एडवाइजरी, जानें

Sunil Kumar Rai
error: Content is protected !!