उत्तर प्रदेशखबरें

अच्छी खबर : यूपी के 35 एएनएम प्रशिक्षण केंद्रों में शुरू हुआ शैक्षणिक सत्र, सीएम योगी ने किया शुभारंभ, जानें क्या कहा

Uttar Pradesh : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने बुधवार को अपने सरकारी आवास पर स्वास्थ्य विभाग के 35 एएनएम प्रशिक्षण केन्द्रों के शैक्षणिक सत्र, हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर पर ओरल हेल्थ सेवा का शुभारम्भ एवं जनपद हाथरस, चन्दौली तथा भदोही में निःशुल्क डायलिसिस केन्द्रों का बटन दबाकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद आगरा, सीतापुर और वाराणसी एएनएम ट्रेनिंग सेन्टर की समस्त व्यवस्थाओं की वर्चुअल माध्यम से जानकारी प्राप्त की।

सीएम योगी ने कहा कि नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ का कार्य करते हैं। प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी के माध्यम से गुणवत्तायुक्त स्वास्थ्य सुविधा आम नागरिक तक पहुंचाई जाती है। एएनएम की उपयोगिता इस सदी की सबसे बड़ी महामारी कोविड-19 के दौरान पता चली, जब एएनएम, आशा वर्कर्स ने घर-घर जाकर, स्वयं संक्रमित होने की चिन्ता किये बिना पूरी ईमानदारी व प्रतिबद्धता से लोगों की सेवा की।

आयोजित नहीं किया गया था
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल आबादी वाले राज्य में विगत 33 वर्षों से एएनएम प्रशिक्षण केन्द्रों में एएनएम के पाठ्यक्रम का कोई नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया था। इस कारण गरीब मेधावी बालिकाओं को निजी संस्थानों के भारी भरकम प्रवेश शुल्क के चलते, प्रवेश से वंचित होना पड़ता था। प्रशिक्षित स्वास्थ्य कार्यकर्ता (महिला) की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एक साथ 35 सरकारी एएनएम प्रशिक्षण केन्द्रों को लैब, लाइब्रेरी एवं अन्य अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त कर प्रारम्भ किया जा रहा है। प्रदेश की 1,700 से अधिक बालिकाओं के लिए 02 वर्षीय एएनएम पाठ्यक्रम में प्रवेश की व्यवस्था की गयी है।

डायलिसिस केन्द्रों का लोकार्पण किया
उन्होंने कहा कि ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम’ के अन्तर्गत जनपद हाथरस, चन्दौली तथा भदोही में नवीन डायलिसिस केन्द्रों का लोकार्पण किया जा रहा है। इन डायलिसिस केन्द्रों की स्थापना से प्रदेश में अब कुल 68 डायलिसिस केन्द्र निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा प्रदान कर रहे हैं। शेष 07 जनपदों में डायलिसिस केन्द्रों की स्थापना का कार्य चल रहा है।

आंख की रोशनी पर कुप्रभाव डालता है
उन्होंने कहा कि हाइपरटेंशन, खानपान में अनियमितता से व्यक्ति मधुमेह की चपेट में आ जाता है। अनियन्त्रित ब्लड शुगर, किडनी व आंख की रोशनी पर कुप्रभाव डालता है। नियमित दिनचर्या, प्राकृतिक खेती के माध्यम से उत्पादित खाद्य पदार्थों के सेवन से सभी तरह के रोगों से बचा जा सकता है। व्यक्ति को योग व प्राणायाम के माध्यम से अपने मानसिक तनाव को कम करने का प्रयास करना चाहिए।

रोग को पहचानने में सहायक साबित होगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओरल कैंसर जैसे रोग में उपचार से अधिक महत्वपूर्ण बचाव होता है। ऐसे में हेल्थ एण्ड वेलनेस केन्द्रों पर ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग की व्यवस्था शुरुआत में ही रोग को पहचानने में सहायक साबित होगी। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रत्येक सप्ताह ‘मुख्यमंत्री आरोग्य मेले’ का आयोजन किया जाता है। इन सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लोगों को जागरूक करें।

प्रत्येक व्यक्ति का स्वास्थ्य बीमा किया जाये
सीएम ने कहा कि देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। अमृत महोत्सव हमें अमृतकाल के साथ जोड़ता है। आगामी 25 वर्षों की वृहद कार्ययोजना में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति का स्वास्थ्य बीमा किया जाये। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को न्यूनतम स्तर पर ले जाने का प्रयास किया जाए।

सफलता प्राप्त हुई है
उन्होंने कहा कि विगत 5 वर्षों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अनेक उल्लेखनीय कार्य किये गये हैं। इन्सेफेलाइटिस जैसी घातक बीमारी को नियन्त्रित करने में सफलता प्राप्त हुई है। मलेरिया, डेंगू, कालाजार जैसी बीमारियों पर नियन्त्रण लगाया जा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष में 03 बार संचारी रोग नियन्त्रण के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाता है।

कोई ध्यान नहीं दे रहा था
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि वर्ष 1989 से एएनएम प्रशिक्षण केन्द्र बन्द चल रहे थे, इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा था। मुख्यमंत्री के निर्देशन में 33 वर्षों बाद एएनएम प्रशिक्षण केन्द्रों के शैक्षणिक सत्र को प्रारम्भ किया जा रहा है। सभी जनपदों में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे एवं पैरामेडिकल स्टाफ की संख्या भी बढ़ायी जा रही है। स्वस्थ दिनचर्या एवं साफ-सफाई अपनाकर रोगों से बचाव किया जा सकता है।

ये रहे मौजूद
इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

Anti-CAA Protests : एंटी-सीएए प्रदर्शनकारियों का पैसा लौटाएगी योगी सरकार, सुप्रीम कोर्ट ने लगाई फटकार

Abhishek Kumar Rai

देवरिया : चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों से प्रशासन ने मांगी ये जानकारी, जानें वजह

Abhishek Kumar Rai

देवरिया के दो महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट : डेडलाइन बीतने के वर्षों बाद भी अधूरे, करोड़ों का फंड मिलने के बावजूद…

Sunil Kumar Rai

डीएम ने पैकौली महाराज मंदिर में सौंदर्यीकरण कार्य का लिया जायजा : वैदिक मंत्रोच्चार से की पूजा-अर्चना

Sunil Kumar Rai

पहल : 4000 करोड़ से शुरू होगा यूपी इनोवेशन फंड, हर स्टार्टअप को कामयाब बनाने में सरकार देगी मदद

Sunil Kumar Rai

खुशखबरी : सोलर रूफटॉप लगाने पर मिल रही डबल सब्सिडी, इस वेबसाइट पर करें ऑनलाइन आवेदन

Shweta Sharma
error: Content is protected !!