खबरेंपूर्वांचल

UP Elections 2022 : गोरखपुर में बोलीं प्रियंका गांधी- मर जाऊंगी, जान दे दूंगी, लेकिन भाजपा के साथ कभी मिलावट नहीं करूंगी

Gorakhpur News : पूर्वांचल में आज उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 की वजह से राजनीतिक माहौल गर्म रहा। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के गढ़ गोरखपुर में विशाल जनसभा को संबोधित किया। शहर के चंपा देवी पार्क में आज सुबह कांग्रेस के ‘प्रतिज्ञा रैली’ (Pratigya Rally) के कार्यक्रम में प्रियंका पहुंची थीं।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, भूपेश बघेल आराधना मोना सलमान खुर्शीद आर पी एन सिंह नसीमुद्दीन सिद्दीकी अखिलेश प्रताप सिंह समेत तमाम नेता मौजूद रहे। प्रियंका ने गोरखपुर में उत्तर प्रदेश सरकार और योगी आदित्यनाथ को जमकर घेरा। उन्होंने भोजपुरी में संवाद स्थापित कर खुद को गोरखपुर से जोड़ा।

दिखाई नहीं देता विकास

उन्होंने कहा कि, जब-जब चुनाव आते हैं नेता आपके सामने आते हैं। भाषण देते हैं और चले जाते हैं। सरकार बड़े-बड़े विज्ञापन दिखा रही है। बताया जा रहा है कि बहुत विकास हो रहा है। मगर हकीकत आप जानते हैं। विकास की बात करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8000 करोड़ के हवाई जहाज में इटली जाते हैं। इस देश की शोभा शायद बढ़ा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत से दूर हो रहे हैं।

अधिकार छीन लिया

कुछ महीनों पहले प्रयागराज में बसारा गांव में एक निषाद की नाव पुलिस-प्रशासन ने जलाया। मैं गांव में निषादों से मिली और सभी गंभीर संकट में थे। मुझे तट तक लेकर गए। उन्होंने मुझे दिखाया कि उनकी नाव कैसे जलकर राख हो गई थी। जबकि नाव निशानों की मां होती है, उनकी जीविका होती है। अगर किसी का नदी पर अधिकार है, तो सिर्फ निषादों का है। इस सरकार ने उनका ये अधिकार भी छीन लिया। उन्हें मारा-पीटा। जब नाव जलाने का विरोध किया, तो उन्हें प्रताड़ित किया। लखीमपुर खीरी, सोनभद्र में भी यही हुआ।

पुलिस जान ले रही है

आगरा में 30 दलितों को उठाकर 3 दिनों के लिए पुलिस थाने में रखकर निर्ममता से मारा-पीटा गया। मैं उस परिवार से मिली। उस लड़की से मिली, जिसके पति की हत्या उसके सामने पुलिस ने मार-मार कर की। उसने मुझे जो सच्चाई बताई वह मंच से साझा नहीं कर सकती। पर यह सरकार कातिल है।

उद्योगपतियों को दी कमान

प्रियंका ने कहा, किसानों की बात करने वाली सरकार के एजेंडे में किसान और कृषि कहीं नहीं हैं। खाद, खेत, फसल सब बड़े-बड़े उद्योगपतियों और अरबपतियों के हाथों में दे दी गई है। लोग खाद की लाइनों में खड़े होकर जान दे रहे हैं। ललितपुर में बीते दिनों ही 4 लोगों की मौत खाद की वजह हो गई थी।

कहां है सपा, बसपा

प्रियंका ने आगे कहा, सत्ता में आने से पहले सरकार ने कहा था कि किसानों के लिए गन्ने की कीमत बढ़ाई जाएगी। लेकिन पिछले साल 4 साल में गन्ने की कीमत में बढ़ाने का मौका क्यों नहीं मिला? यहां पर जो चीनी मिलें कांग्रेस ने लगवाई थीं, उनको समाजवादी की सरकारों, सपा – बसपा की सरकारों ने बंद कराया। आज वो कहते हैं कि कांग्रेस भाजपा से मिली हुई है। मैं उनसे पूछना चाहती हूं कि आखिर जब संघर्ष होता है, संकट होता है तो वह आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ने क्यों नहीं आते? सिर्फ कांग्रेस लोगों की लड़ाई लड़ रही है।

कभी नहीं होगा गठबंधन

भाजपा से गठबंधन पर उन्होंने कहा, मैं इस मंच से खड़ी होकर कह रही हूं, मैं मर जाऊंगी, जान दे दूंगी, लेकिन भाजपा के साथ कभी कोई मिलावट नहीं करूंगी। उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज देश का करोड़पति अरबपति बनता जा रहा है। जबकि देश का किसान 1 दिन में सिर्फ 27 रुपए कमाता है। प्रधानमंत्री के खरबपति मित्र 1 दिन में हजार करोड़ रुपए कमाते हैं। जब आपके लोन माफी की बात आती है, तो सरकार के पास पैसा नहीं होता। लेकिन उनके हजारों करोड़ कर्ज माफ हो जाते हैं। सरकार ने सारी सरकारी संपत्ति बेच दी है।  पिछले 70 साल की मेहनत 7 सालों में गवां दी।

हत्यारी है पुलिस

कानून व्यवस्था के मामले पर भी प्रियंका ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि लखनऊ में विवेक तिवारी को पुलिस ने गोली मार दी। कानपुर के व्यापारी मनीष गुप्ता को गोरखपुर में होटल से उठाकर पुलिस स्टेशन में ले जाकर मार डाला। आगरा में अरुण वाल्मीकि के परिवार को इस तरह से मारा-पीटा गया। आए दिन सामूहिक बलात्कार की घटनाएं सामने आ रही हैं। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।

1000000 पद खाली पड़े हैं

प्रियंका गांधी ने प्रदेश के युवाओं, रोजगारी और बेरोजगारी को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आज का युवा बेरोजगार है। उत्तर प्रदेश में 5 करोड़ से ज्यादा युवा बेरोजगार हैं। बड़ी बात यह है कि इनमें से 3 युवा हर रोज आत्महत्या करते हैं। इसकी वजह बेरोजगारी है। राज्य में 10 लाख सरकारी नौकरियां खाली पड़ी हैं। भर्तियों में जबरदस्त भ्रष्टाचार है। यहां गोरखपुर में विश्वविद्यालय की भर्ती में बहुत भ्रष्टाचार हुआ। सिद्धार्थनगर में शिक्षा मंत्री के भाई को सवर्ण गरीब का प्रमाण पत्र मिला है। किसी गरीब को प्रमाण पत्र नहीं मिला है।

आप कैसे कर पाएंगे

प्रियंका गांधी ने आगे कहा, गोरखपुर में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। लेकिन चुनाव से पहले एप्स खोलने की तैयारी की जा रही है। जब 5 सालों में एम्स का काम पूरा नहीं हो पाया, तो अब चंद महीनों में आपको क्या मौका मिलेगा। अंत में उन्होंने प्रदेश के लोगों को तीन बड़ी सौगात देने का वादा किया। प्रियंका गांधी ने कहा, कांग्रेस पार्टी ने उप्र की जनता के लिए प्रगति और परिवर्तन की प्रतिज्ञाएं की हैं।

कांग्रेस की सरकार बनने पर –

-20 लाख सरकारी नौकरियां

-किसानों का कर्ज माफ

-गेहूं-धान का दाम 2500 और गन्ने का 400

-10 लाख तक मुफ्त इलाज

-आर्थिक बदहाली दूर करने के लिए हर परिवार को 25000 रुपये की आर्थिक मदद

-महिलाओं को 40% टिकट और लड़कियों को स्मार्ट फोन तथा स्कूटी

-हर साल 3 सिलेंडर मुफ्त

-आंगनबाड़ी कर्मियों को 10,000 रु/माह मानदेय

-मछली पालन को कृषि दर्जा

-निषाद समाज के लिए खनन में अधिकार

-गुरु मछेंद्रनाथ विश्वविद्यालय की स्थापना

Related posts

यूपी : मदरसों में बदलेगा पाठ्यक्रम, सीएम योगी ने दिए महत्वपूर्ण आदेश, जानें

Abhishek Kumar Rai

राज्य सरकार अपना बिजनेस शुरू करने का दे रही अवसर : इन स्कीम में करें आवेदन, जानें नियम और शर्तें

Sunil Kumar Rai

देवरिया में लापरवाही बरतने पर 5 सीडीपीओ को नोटिस : सीडीओ ने बैठक में दिए आदेश, दी दो दिन की मोहलत

Sunil Kumar Rai

सुधार : साल दर साल सिमट रहा सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ, आंकड़ों से जानें यूपी का हाल

Abhishek Kumar Rai

कोविड प्रबंधों को परखने के लिए हुई मॉकड्रिल : उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने की समीक्षा, जानें क्या कहा

Satyendra Kr Vishwakarma

प्रतिमा विसर्जन को लेकर चौकस देवरिया प्रशासन : डीएम और एसपी ने आधा दर्जन घाटों का लिया जायजा, दिए ये आदेश

Sunil Kumar Rai
error: Content is protected !!