उत्तर प्रदेशखबरें

यूपी के 4 जिलों में होगा खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन : 21 देशों के खिलाड़ी करेंगे शिरकत, पढ़ें पूरा कार्यक्रम

Uttar Pradesh : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को केन्द्रीय युवा मामले तथा खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के साथ ‘खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022’ के ‘लोगो’, एंथम, जर्सी, मैस्कॉट तथा मशाल को लॉन्च किया। साल 2023 में इस प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश में किया जाएगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विगत 09 वर्षों में सभी ने भारत को प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए तथा देश के बारे में दुनिया की धारणा को बदलते हुए देखा है। भारत के प्रत्येक नागरिक के मन में नया विश्वास उत्पन्न हुआ है। खेलों के प्रति लोगों की धारणा बदली है। परिवार के सदस्य बच्चों को खेल के लिए प्रोत्साहित करते हैं। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स इसी बदली धारणा और नये विश्वास का नया प्रतीक है।

सीएम की उपस्थिति में मंच पर ‘खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022’ की मशाल को प्रज्ज्वलित किया गया। मुख्यमंत्री तथा केन्द्रीय युवा मामले तथा खेल मंत्री ने मशाल रिले को झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह मशाल रिले प्रदेश के सभी जनपदों में जाएगी।

बताते चलें कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 के तीसरे संस्करण का आयोजन उत्तर प्रदेश के चार जनपदों लखनऊ, वाराणसी, गौतमबुद्ध नगर एवं गोरखपुर तथा दिल्ली में 25 मई से 3 जून, 2023 तक किया जा रहा है। इनमें 21 खेलों में देश के 200 विश्वविद्यालयों के 4,705 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 के ‘लोगो’ में नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के प्रतिरूप को दर्शाया गया है। इसमें धार्मिक परम्पराओं के साथ-साथ विकास की ऊर्जा का भी मेल है।

इन खेलों का ‘एंथम’- ‘खेलो इंडिया-हर दिल में देश’ उत्तर प्रदेश की नई छवि को दर्शाता है। इस एंथम में युवाओं की महत्वाकांक्षाओं और सपनों का उल्लेख है। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 के ऑफिशियल ‘मैस्कॉट’ को ‘जीतू’ का नाम दिया गया है। यह उत्तर प्रदेश का राज्य पशु बारहसिंघा है। यह ‘कौशल, नीति और धैर्य’ का प्रतीक है। साथ ही, राज्य पक्षी सारस खिलाड़ियों के कभी न हार मानने वाले जज्बे और लगन को दर्शाता है। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 की मशाल ‘शक्ति’ पर उत्तर प्रदेश के भव्य इतिहास और वर्तमान को दर्शाने वाले प्रतीक अंकित हैं।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय युवा मामले तथा खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा शुरू किये गये खेलो इंडिया खेलो कार्यक्रम के माध्यम से खिलाड़ियों को तलाशने और तराशने का कार्य किया गया है। इन खिलाड़ियों ने देश के लिए मेडल जीतने का काम किया है। उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री जी तथा मुख्यमंत्री जी का प्रदेश है। राज्य में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश इस आयोजन के लिए पूरी तरह सक्षम है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की छवि तेजी के साथ बदली है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कभी यह राज्य दंगों के लिए जाना जाता था, अब यह राज्य पहलवानों तथा खिलाड़ियों के दंगल के लिए जाना जाएगा। आने वाले समय में उत्तर प्रदेश देश को सर्वाधिक मेडल देने वाला राज्य बनेगा। मुख्यमंत्री जी ने राज्य में खेलों के विकास के लिए आधारभूत ढांचा खड़ा करने तथा खेल भावना को बढ़ावा देने का काम किया है। उत्तर प्रदेश खेलों का केन्द्र बन रहा है। आज यहां खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 के ‘लोगो’, मैस्कॉट, जर्सी, एंथम तथा मशाल की लॉन्चिंग का भव्य कार्यक्रम हो रहा है। इन खेलों का आयोजन भी बहुत भव्य होगा। देश भर में 01 हजार खेलो इंडिया सेन्टर बनाने जा रहे हैं। 15 अगस्त, 2023 से पूर्व उत्तर प्रदेश के हर जिले में कम से कम एक खेलो इंडिया सेन्टर बनकर तैयार हो जाएगा।

उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बन रहा है। उत्तर प्रदेश के लिए यह हर्ष का विषय है कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 के तीसरे संस्करण का आयोजन राज्य के चार जनपदों तथा दिल्ली में हो रहा है। मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा से प्रदेश में नई खेल नीति का निर्माण किया गया है। इसके माध्यम से प्रदेश में खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर तथा खेल सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।

इस अवसर पर परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, अपर मुख्य सचिव खेल एवं युवा कल्याण नवनीत सहगल, लखनऊ की मण्डलायुक्त रोशन जैकब, खेल निदेशक आरपी सिंह, भारत सरकार व राज्य सरकार के खेल विभाग के अधिकारीगण, 200 विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधिगण तथा खिलाड़ी उपस्थित थे।

Related posts

UP Election-2022 : 61 विधानसभा सीटों के लिए आज थम जाएगा प्रचार, चुनाव आयोग ने दिए ये आदेश

Abhishek Kumar Rai

सरकार दिव्यांगजन शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में दे रही इतनी धनराशि : जानें कौन कर सकेगा आवेदन और तरीका

Abhishek Kumar Rai

Deoria News : राज्य स्तरीय सब जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे 6 खिलाड़ी

Satyendra Kr Vishwakarma

रोटरी क्लब देवरिया सेंट्रल ने बाल सदन के बच्चों को कराया सैर : पहली बार चिड़ियाघर पहुंच बच्चे हुए उत्साहित

Shweta Sharma

यूपी : योगी कैबिनेट के मंत्रियों का मंडल दौरे का कार्यक्रम तय, जानें किसे कहां की जिम्मेदारी मिली

Sunil Kumar Rai
error: Content is protected !!