उत्तर प्रदेशखबरें

उपलब्धि : यूपी के 7 जिलों को नीति आयोग की लिस्ट में मिली जगह, सीएम आदित्यनाथ ने जताई खुशी, दिए ये आदेश

Uttar Pradesh : उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर का असर लगभग खत्म हो चुका है। हालांकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने कहा है कि कोरोना संक्रमण से बचाव और उपचार की व्यवस्थाओं को निरन्तर सुदृढ़ बनाकर रखा जाए। प्रदेश में संक्रमण तेजी से कम हो रहा है, किन्तु यह अभी समाप्त नहीं हुआ है। इसलिए यह अतिरिक्त सतर्कता एवं सावधानी बरतने का समय है। उन्होंने कोविड प्रोटोकॉल का पूर्णतया पालन सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में सीएम को अवगत कराया गया कि पिछले 24 घण्टों में राज्य में कोरोना संक्रमण के 20 नए मामले सामने आए हैं। इस अवधि में 17 व्यक्तियों को सफल उपचार के उपरान्त डिस्चार्ज किया गया। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 145 है। केन्द्र व राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से निर्माणाधीन 548 में से अब तक 499 ऑक्सीजन प्लाण्ट क्रियाशील हो चुके हैं।

ये जिले कोविड मुक्त हुए

जनपद अमरोहा, अयोध्या, बदायूं, बागपत, बलिया, बस्ती, बहराइच, भदोही, चन्दौली, चित्रकूट, देवरिया, एटा, इटावा, फतेहपुर, गाजीपुर, गोण्डा, हमीरपुर, हापुड़, हरदोई, हाथरस, कानपुर देहात, कासगंज, कुशीनगर, लखीमपुर खीरी, ललितपुर, महोबा, मऊ, मीरजापुर, मुजफ्फरनगर, रायबरेली, रामपुर, संतकबीरनगर, शामली, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, सोनभद्र, सुल्तानपुर और उन्नाव में कोविड का एक भी मरीज नहीं है। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रिकवरी दर 98.7 प्रतिशत है। पिछले 24 घण्टे में प्रदेश में 1,43,435 कोरोना टेस्ट किए गए। अब तक राज्य में 08 करोड़ 06 लाख 05 हजार 946 कोविड टेस्ट सम्पन्न हो चुके हैं।

नीति आयोग ने 7 जिलों को चुना

वरिष्ठ अधिकारियों ने सीएम को बताया कि नीति आयोग ने आकांक्षात्मक जनपदों की जारी की गई जुलाई-अगस्त, 2021 की डेल्टा रैंकिंग में प्रदेश के 8 आकांक्षात्मक जनपदों में से 7 जनपदों ने देश में टॉप-10 में स्थान बनाया है। यह प्रदेश के लिए एक उपलब्धि है। नीति आयोग ने आकांक्षात्मक जनपदों की जारी की गई जुलाई-अगस्त, 2021 की डेल्टा रैंकिंग में प्रदेश के फतेहपुर, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र, चित्रकूट, बहराइच, श्रावस्ती और चन्दौली सम्मिलित हैं। सीएम ने इस पर प्रसन्नता जताई।

11 करोड़ 65 लाख डोज लगे

सीएम आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार लक्षित उम्र वर्ग के सभी नागरिकों को कोरोना टीकाकरण का सुरक्षा कवच निःशुल्क उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में टीकाकरण कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कोविड वैक्सीनेशन कार्य को पूरी सक्रियता से संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज के लिए पात्र लोगों का समय से टीकाकरण किया जाए। बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि राज्य में गत दिवस तक 11 करोड़ 65 लाख 55 हजार से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी हैं।

बचाव अभियान जारी रहे

सीएम ने वेक्टरजनित रोगों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि डेंगू, डायरिया, कॉलरा सहित विभिन्न विषाणुजनित व जीवाणुजनित बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छता, सैनिटाइजेशन और फॉगिंग का कार्य निरन्तर जारी रखा जाए। संचारी रोगों से बचाव के सम्बन्ध में लोगों को जागरूक किया जाए।

59 जनपदों में मेडिकल कॉलेज शुरू

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी 75 जनपदों में न्यूनतम एक-एक मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए कृतसंकल्पित है। निरन्तर किये गये प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश के 59 जनपदों में न्यूनतम एक मेडिकल कॉलेज क्रियाशील हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 16 जनपदों में पीपीपी मॉडल के आधार पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना के सम्बन्ध में तेजी से प्रक्रिया पूरी कर ली जाए, ताकि मेडिकल कॉलेज की स्थापना का कार्य प्रारम्भ हो सके।

Related posts

ऐतिहासिक रही अयोध्या की दीपावली : 15 लाख 76 हजार दीप जलाने का बना गिनीज रिकॉर्ड, दीपोत्सव पर जगमग हुई श्रीराम की नगरी, देखें PHOTOS

Shweta Sharma

वाराणसी : सीएम योगी आदित्यनाथ ने काशी के इस इलाके का किया दौरा, जानें क्या थी वजह

Shweta Sharma

डीएम और सीडीओ ने गोपाष्टमी पर की गौ-सेवा : कान्हा गौशाला में विधि-विधान से की पूजा, लोगों से की अपील

Sunil Kumar Rai

इन वजहों से बढ़ रही किडनी मरीजों की संख्या : आरोग्य भारती ने बताए बचाव के उपाय

Swapnil Yadav

सीडीओ रवींद्र कुमार की जांच में खुली भाटपाररानी ब्लॉक की पोल : मनमौजी कर्मचारी कर रहे मनमानी, बेबस प्रशासन

Rajeev Singh

गोरखपुर बनेगा जॉब हब : फ्लैटेड फैक्ट्री और प्लास्टिक पार्क में लाखों लोगों को मिलेगा रोजगार, जानें कितनी होगी कमाई

Harindra Kumar Rai
error: Content is protected !!