खबरेंदेवरिया

देवरिया हमारे लिए घर के आंगन जैसा : जीआईसी में बोले मुख्यमंत्री योगी, बैतालपुर चीनी मिल पर दिया बड़ा बयान

Deoria News : शनिवार, 8 अप्रैल को देवरिया पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने करीब 480 करोड़ रुपये की 223 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर राजकीय इण्टर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देवरिया हमारे लिए घर के आंगन जैसा है। साथ ही उन्होंने बैतालपुर चीनी मिल को लेकर बड़ा बयान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया के सामने एक मॉडल बना हुआ है। सुशासन का मोदी मॉडल, देश और दुनिया में देखने को मिल रहा है। आज भारत को एक आदर्श के रूप में देखा जाता है। भारत में सुशासन का जो मॉडल है, उसी तर्ज पर उत्तर प्रदेश ने भी कार्य करना प्रारम्भ किया है। विगत 8 वर्षों में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में विभिन्न विकास योजनाएं हर गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं तक पहुंच रही हैं। विकास की उन्हीं योजनाओं को विगत 6 वर्ष में डबल इंजन की सरकार ने देवरिया जनपद तक भी पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि देवरिया तो हमारे लिए घर के आंगन जैसा है। जनपद देवरिया के विकास के सम्बन्ध में जो भी प्रस्ताव प्रदेश सरकार को प्राप्त होगा, उसे तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चीनी के कटोरे के रूप में पहचाने जाने वाले इस क्षेत्र के चीनी उद्योग बन्द हो गए हैं। पूर्ववर्ती सरकारों ने यहां स्थापित 22 चीनी मिलों को बेच दिया था। इन चीनी मिलों पर लाखों किसान आश्रित थे तथा बड़ी संख्या में नौजवानों के पास रोजगार व नौकरी थी। राज्य सरकार ने इन चीनी मिलों को पुनः संचालित कराने का संकल्प लिया है। जनपद की पहचान बैतालपुर चीनी मिल को सरकार को सौंपने के लिए सर्वोच्च न्यायालय में एक एप्लीकेशन लगायी गई है। इस चीनी मिल में डिस्टलरी, कोजेन प्लाण्ट, एथेनॉल प्लाण्ट स्थापित होगा। वहां पर एक शुगर कॉम्पलेक्स स्थापित कर हजारों नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। यहां पर ट्रेनिंग सेण्टर की स्थापना भी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जैसे ही परमिशन मिलेगी, इस कार्य को प्रारम्भ कर दिया जाएगा। प्रदेश सरकार ने कोरोना कालखण्ड में राज्य की चीनी मिलों को संचालित रखा था। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने तय किया है कि प्रदेश के हर गांव में खेल का मैदान भी होगा। साथ ही, प्रदेश सरकार प्रत्येक ब्लॉक में मिनी स्टेडियम एवं जनपद में एक स्टेडियम का निर्माण करवाएगी। निजी खेल अकादमी को भी बढ़ावा दिया जाएगा। प्रदेश के 02 करोड़ युवाओं को टैबलेट व स्मार्टफोन देने का कार्य किया जा रहा है। इन युवाओं को तकनीकी दृष्टि से सक्षम बनाने के लिए टैबलेट व स्मार्टफोन दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र कभी मलेरिया रोग के लिए जाना जाता था। मलेरिया रोग से मुक्ति के बाद इस क्षेत्र में इंसेफेलाइटिस ने अपना कहर डालना प्रारम्भ किया। आज देवरिया, महराजगंज एवं कुशीनगर में इंसेफेलाइटिस को नियंत्रित किया जा चुका है। डबल इंजन की सरकार यह कहने के लिए आयी है कि हर व्यक्ति को जीने का अधिकार है। सरकार का यह कर्तव्य है कि प्रत्येक व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे। हर गरीब को बिना भेदभाव के आवास मिल रहा है। अब तक लगभग 54 लाख परिवारों को एक-एक आवास दिया जा चुका है। 02 करोड़ 61 लाख गरीबों को शौचालय, 01 करोड़ 55 लाख गरीबों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन, 01 करोड़ 75 लाख निःशुल्क गैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में विगत 03 वर्षों से कोरोना कालखण्ड में डबल इंजन की सरकार प्रदेश में 15 करोड़ व देश के 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। देश की 140 करोड़ की आबादी में कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं सोयेगा। आज पाकिस्तान की 22 करोड़ की आबादी पर रोटी के लाले पड़े हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार डबल स्पीड से चल रही है। योजनाओं का लाभ जमीनी धरातल पर तब पहुंचता है, जब स्थानीय निकायों में भी डबल इंजन की सरकार का लाभ दिखायी दे। देवरिया को काफी हद तक जल-जमाव से मुक्ति मिल गई है। अन्य नगर निकायों में भी कुछ नयापन देखने को मिल रहा है। आने वाले समय में प्रत्येक जिला मुख्यालय के नगर निकाय को सेफ सिटी के रूप में विकसित करने की कार्यवाही की जा रही है। नगर निकाय के निवासियों को जाति, आय, निवास प्रमाण-पत्र के लिए ऑनलाइन सेवा उपलब्ध हो रही है। ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवालय की स्थापना कर इन सुविधाओं का लाभ दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि दूर-दराज के स्वास्थ्य केन्द्रों को भी सुविधा सम्पन्न बनाया जा रहा है। आज स्वर्गीय मरजादी देवी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बहोर धनौती का लोकार्पण सम्पन्न हुआ है। इसमें समस्त स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। प्रदेश सरकार द्वारा हेल्थ एटीएम की स्थापना की गई है। इनमें 60 प्रकार की जांचें हो सकती हैं। हेल्थ एटीएम में जांच के उपरान्त चिकित्सक से सम्पर्क करते हुए परामर्श प्राप्त कर दवाएं प्राप्त की जा सकती हैं। प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को इस तकनीक से जोड़ने की कार्यवाही की जा रही है।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि मुख्यमंत्री जी देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों में सर्वाधिक लोकप्रिय मुख्यमंत्री हैं। नयी सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री जी की देवरिया जनपद की दूसरी यात्रा है। दोनों यात्राओं को मिलाकर 1,000 करोड़ रुपये लागत की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास सम्पन्न हो चुका है। राज्य सरकार द्वारा विकासपरक योजनाओं का लाभ जरूरतमन्दों तक पहुंचाने का कार्य मुख्यमंत्री जी द्वारा किया जा रहा है। विगत 10 दिनों में प्रदेश में विकास का इतिहास बना है। योजनाओं को जमीन पर उतारने का कार्य किया गया है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कृषकों को लाभ मिल सके, इसके कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के लिए बजट प्राविधान किया गया है।

ग्राम्य विकास राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा अच्छे शासन के साथ महिलाओं के लिए भी रोजगार के अवसर खोले गए हैं। मुख्यमंत्री जी ने जब से उत्तर प्रदेश की कमान सम्भाली है, बिना भेदभाव के बिजली प्रदान की जाती है। सड़कों की स्थिति में सुधार हुआ है। कानून व्यवस्था सहित पूर्वांचल में सर्वांगीण विकास हो रहा है।

Related posts

पर्यावरण संरक्षण में अभाविप का अभियान सरहानीय : वीके शुक्ला

Satyendra Kr Vishwakarma

75 वर्षों बाद पहली बार रोशन हुआ अंधेरे में डूबा यूपी का ये गांव : खिले गांववासियों के चेहरे, सीएम योगी की पहल…

Satyendra Kr Vishwakarma

ऑब्जर्वर रमाकांत पांडेय आईएएस ने परखीं देवरिया में चुनाव की तैयारियां : अफसरों संग किया दौरा, दिए ये आदेश

Rajeev Singh

UP MLC Election result 2022 : देवरिया-कुशीनगर से भाजपा के डॉ रतनपाल सिंह जीते, कफील खान को मिले 1031 वोट

Abhishek Kumar Rai

DEORIA BREAKING : डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने दो पंचायत सचिवों को सस्पेंड किया, जांच में गड़बड़ी मिलने पर हुआ एक्शन

Sunil Kumar Rai

Parivar Kalyan Yojana : प्रदेश के हर परिवार को नौकरी देने का प्लान तैयार, राशन कार्ड बनेगा आधार, जानें पूरी योजना

Harindra Kumar Rai
error: Content is protected !!