खबरेंदेवरिया

अच्छी खबरः 35 करोड़ से सुधरेगी हेतिमपुर-महुआडीह सड़क की हालत, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने की घोषणा

Deoria News : सालों के लंबे इंतजार के बाद हेतिमपुर-महुआडीह रोड पर यात्रा करने वाले लाखों लोगों को शुभ समाचार मिला है। आज, 17 अक्टूबर को देवरिया के पथरदेवा पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) ने समस्या को समझते हुए देवरिया में सड़कों की मरम्मत और चौड़ीकरण के लिए बजट की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हेतिमपुर-महुआडीह सड़क की मरम्मत के लिए 35 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। शीघ्र ही इस सड़क को गड्ढा मुक्त बना दिया जाएगा। उम्मीद है कि विधानसभा चुनाव 2022 से पहले राज्य सरकार अपने इस वादे को पूरा करेगी।

कुशीनगर जिले (Kushinagar) के हेतिमपुर चौराहे से देवरिया के महुआडीह चौराहे के बीच की दूरी करीब 15 किलोमीटर है। यह दोनों जनपदों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। गड्ढा युक्त सड़क की वजह से इस दूरी को तय करने में बहुत ज्यादा वक्त लगता है। लोगों को हेतिमपुर जाने-आने में ज्यादा वक्त जाया करना पड़ता है। लंबे समय से इस रोड पर यात्रा करने वाले स्थानीय, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से इसे दुरुस्त कराने की मांग करते आ रहे हैं। लेकिन अब तक यह सरकार और प्रशासन के एजेंडे से बाहर था। अब विधानसभा चुनाव करीब है तो इस पर सरकार की नजर पड़ी है। प्रशासन भी इसे समय से पूरा कराने की कोशिश करेगा।

35 करोड़ से सुधरेगी सड़क

जनसंघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र किशोर शाही (Ravindra Kishor Shahi) की पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने आज देवरिया को कोई बड़ी सौगात दी। उन्होंने घोषणा की कि हेतिमपुर-महुआडीह रोड के लिए 35 करोड़ रुपए की मंजूरी दे दी गई है। इसके अलावा देवरिया-बैतालपुर मार्ग के लिए 58 करोड़ की मंजूरी मिली है। इन दोनों ही सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करा लिया जाएगा। उनकी इस घोषणा से स्थानीय लोग संतुष्ट हैं।

मजबूत निर्माण हो

जंगल बेलवा के रहने वाले अभिमन्यु सिंह बताते हैं, यह सड़क पिछले दो दशक से बदहाल है। पूरी सड़क टूटी हुई है। बीच-बीच में इसकी मरम्मत का काम होता है, लेकिन घटिया सामग्री की वजह से सड़क फिर टूट जाती है। उम्मीद है इस बार 35 करोड़ खर्च करने के बाद यह अच्छी बनेगी और हमें राहत मिलेगी। जंगल बेलवा के ही एक अन्य निवासी अजय शर्मा ने कहा, अब तो इस टूटी सड़क की आदत हो गई है। हम लंबे समय से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से इसे दुरुस्त कराने की मांग कर रहे थे। लेकिन कोई इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा था।

गड्ढा मुक्त सड़क की सौगात मिलेगी

जैसवली के रहने वाले अरुण यादव बताते हैं, 20 साल से यह सड़क कभी सही रही नहीं। जबकि यह रोड क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। देवरिया जाने के लिए यह मुख्य मार्ग है। इसके अलावा कसया-कुशीनगर जाने के लिए भी हेतिमपुर इसी रोड से जाना होता है। बावजूद इसके इसकी बदहाली किसी को दिखाई नहीं दी। खराब रोड की वजह से गंतव्य तक पहुंचने में देरी होती है। वाहनों के आवागमन से धूल इतनी होती है कि ग्रामीण इलाके में भी प्रदूषण होता है।

मुख्य मार्ग होने के बावजूद टूटी है सड़क

जैसवाली के ही एक अन्य निवासी गया यादव ने भी उप मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह काम बहुत पहले हो जाना चाहिए था। यह मुख्य संपर्क मार्ग है। इससे रोज हजारों लोग यात्रा करते हैं। उम्मीद है, इसे जल्द पूरा करा कर लोगों को गड्ढा मुक्त सड़क की सौगात मिलेगी। डिप्टी सीएम ने  3 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से बने सूरजपुर-हरैया के बीच मझना नाले पर 5 गुणे 10 मी स्पान आरसीसी लघु सेतु का भी लोकार्पण किया।

180 करोड़ का बजट खर्च होगा

उपमुख्यमंत्री ने कृषि विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, मत्स्य पालन विभाग, पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने बाल विकास पुष्टाहार विभाग की तरफ से आयोजित प्रदर्शनी में 5 महिलाओं को गोद भराई एवं एक नन्ही बच्ची को गोद में लेकर अन्नप्रासन संस्कार किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने जनपद देवरिया के विकास से जुड़ी कुल 207 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं के तहत जिले में लगभग 180 करोड रुपये की लागत से 306.97 किलोमीटर सड़क का निर्माण, चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण होगा। तीन छोटे पुल भी बनाए जाएंगे।

Related posts

डीएम अखंड प्रताप सिंह ने अभ्यर्थियों को दिए सफलता के गुर : छात्रों के लिए वरदान बनी अभ्युदय योजना

Abhishek Kumar Rai

DEORIA BREAKING : जिला अस्पताल में पूर्व सैनिकों के लिए बनेगा विशेष काउंटर, डीएम ने दिए ये आदेश

Sunil Kumar Rai

देवरिया : एमएलए के निर्देश के बावजूद गौरी बाजार पुलिस ने नहीं किया केस दर्ज, पीड़ित पक्ष ने लगाया ये आरोप

Sunil Kumar Rai

खेती-किसानी : यूपी के किसानों को 7200 कुंतल बीज मुफ्त में बांटेगी योगी सरकार, इस पोर्टल पर कराना होगा रजिस्ट्रेशन

Harindra Kumar Rai

Deoria News : टीम ने विद्यार्थियों को दी सड़क सुरक्षा और साइबर ठगी से बचाव की जानकारी, दिलाई ये शपथ

Shweta Sharma

देवरिया में 2.13 लाख से अधिक परिवारों तक पहुंचा नल से जल : 709 ग्राम पंचायतों में काम जारी, डीएम ने दिए ये आदेश

Sunil Kumar Rai
error: Content is protected !!