उत्तर प्रदेशखबरें

सीएम योगी ने पुलिस भर्ती के 1148 चयनितों को बांटे नियुक्ति पत्र : अभ्यर्थियों की कामयाबी पर कही ये बड़ी बात

Uttar Pradesh : प्रदेश के युवाओं को रोजगार और उन्हे सरकारी नौकरी देने के लिए प्रतिबद्ध योगी सरकार ने गुरुवार को लोकभवन में मिशन रोजगार के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा चयनित 1148 पदों पर उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किये। इन पदों में 587 पद सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक), 217 उपनिरीक्षक (गोपनीय), 344 सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पद शामिल हैं।

योगी सरकार मिशन रोजगार के तहत पिछले 6 वर्षों में अब तक प्रदेश के युवाओं को साढ़े पांच लाख से अधिक सरकारी नौकरी दे चुकी है, जबकि अकेले यूपी पुलिस विभाग में डेढ़ लाख से अधिक पदों पर भर्ती की गयी, जिसमें मृतक आश्रित के रूप में 2500 भर्तियां अतिरिक्त की गयीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में 35 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किये।

आज भर्ती प्रक्रिया में कोई नहीं लगा सकता भाई भतीजा वाद का आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 6 वर्षों में विभिन्न पदों पर हुई भर्ती प्रक्रिया को शुचिता, पारदर्शिता और निर्धारित आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए पूरा किया गया है। इन नियुक्तियों में कोई प्रश्न नहीं खड़ा कर सकता है और न ही भाई भतीजे वाद का आरोप लगा सकता है। वर्ष 2017 से पहले जहां उत्तर प्रदेश प्रश्न प्रदेश था, वहीं पिछले 6 वर्षों में उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनकर उभरा है।

उन्होंने कहा कि समारोह में जिन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे हैं उनके चेहरे की चमक बता रही है कि उन्होंने मेहनत की थी और अपने अभिभावकों की तमन्ना को पूरा करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बन रहे हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनना आज हर एक नौजवान के लिए गौरव की बात होगी क्योंकि आज जब देश और दुनिया में प्रदेश की बात होती है तो उत्तर प्रदेश पुलिस के अच्छे कार्यों की सराहना होती है। पिछले 6 वर्षों में उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती प्रक्रिया को ही नहीं आगे बढ़ाया गया है बल्कि 3 गुना ट्रेनिंग क्षमता को भी बढ़ाया गया है।

पहले जहां प्रदेश में साइबर थाने केवल दो थे, आज हर रेंज में एक साइबर थाना है। वहीं हर जनपद में इसे स्थापित करने की कार्यवाही चल रही है। प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान के लिए शुरू हुआ मिशन शक्ति कार्यक्रम आज पूरे देश में लागू हुआ है। इसी के तहत यूपी पुलिस में अलग-अलग पदों पर 22500 से अधिक महिला कार्मिकों को नियुक्ति पत्र दिये गये।

इतना ही नहीं प्रोन्नति बोर्ड ने 1,29,000 से अधिक प्रमोशन की कार्रवाई को भी सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है, जो वर्तमान में भी प्रचलित है। वहीं 62 हजार से अधिक पुलिसकर्मी की भर्ती की प्रक्रिया वर्तमान में संचालित है, जिसे टेक्नोलॉजी का प्रयोग करते हुए पूरी ईमानदारी से संपन्न कराया जाएगा।

आज किसी पुलिसकर्मी को बोनट पर टांगने का कोई दु:साहस नहीं कर सकता
सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के बारे में लोगों की धारणाएं बदली हैं। उत्तर प्रदेश देश के ग्रोथ इंजन के रूप में अपनी एक नई भूमिका के साथ सामने आया है। इस परसेप्शन को बदलने में सबसे अहम भूमिका उत्तर प्रदेश पुलिस की रही है। प्रदेश में आज कानून का राज है। पिछले 6 वर्षों में प्रदेश में दंगे नहीं हुए हैं, संगठित अपराध समाप्त हो चुका है, कोई आतंकी घटना नहीं घटित हुई है। यह सब यूपी पुलिस के बदले स्वरूप को दर्शाता है।

वहीं अगर वर्ष 2017 से पहले की बात की जाए तो उस समय पुलिसकर्मी भी असुरक्षित थे। यह लखनऊ का वही हजरतगंज है जहां डिप्टी एसपी को कार के बोनट में टांग करके ले जाने का दुस्साहस हुआ था, लेकिन आज ऐसा कोई दुस्साहस नहीं कर सकता है। आज उसे मालूम है कि अगर वह करेगा तो फिर क्या स्थिति होगी। पहले पर्व और त्योहार आते ही लोगों के मन में भय व्याप्त हो जाता था। इसमें भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में स्थिति और खराब हो जाती थी।

वहीं आज सारे त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हो रहे हैं। आज रामनवमी हो, ईद हो या बकरीद सड़क पर न तो नमाज होती है और न ही हनुमान चालीसा का पाठ होता है। आप सभी ने देखा होगा कि सरकार द्वारा प्रदेश में धार्मिक स्थलों से माइक हटाने का निर्णय लेते ही सभी धार्मिक स्थलों से स्वत: माइक हटा दिये गये। मात्र एक हफ्ते के अंदर 1,20,000 से अधिक माइक धर्म स्थल से उतारे गये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हर सामान्य नागरिक, व्यापारियों और महिलाओं के मन में सुरक्षा का भाव है। ऐसे में इस विश्वास को और मजबूत करने के लिए पुलिस फोर्स को टेक्नोलॉजी से जोड़ा जा रहा है। इसके लिए जोनल स्तर पर फॉरेंसिक लैब स्थापित की जा चुकी है। प्रदेश में पहले यूपी पुलिस एंड फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट में पाठ्यक्रम इस सत्र में प्रारंभ होने जा रहा है।

सीएम योगी ने कहा कि हाल ही में गोरखपुर में बने दो मॉडल थानों का उद्धाटन हुआ है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप उसे वर्टिकल बनाया गया है। इन थानों के हर कमरे में एसी लगा हुआ है। प्रदेश के थानों में सीसीटीवी लगाने का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है। वहीं 17 नगर निगमों में सेफ सिटी के तहत जोर शोर से काम किया जा रहा है ताकि सीसीटीवी में हर हरकत कैद हो जाए। इससे यहां पर कोई भी चैन स्नैचिंग, डकैती और लूट का दु:साहस नहीं कर पाएगा।

कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी विजय कुमार, डीजी स्पेशल प्रशांत कुमार और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की अध्यक्ष रेणुका मिश्रा आदि उपस्थित थे।

Related posts

Navratri 2021 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के निवासियों से बड़ी अपील की, पुलिस-प्रशासन को दिए ये आदेश

Sunil Kumar Rai

अल्टीमेटम : प्रतापपुर रोड़ का जायजा लेने पहुंचे डीएम और एसपी, 4 महीने में पूरा होगा काम, दो कंपनियों पर लगाया जुर्माना

Abhishek Kumar Rai

नोएडा के 63 गांवों के डीपीआर को शासन की स्वीकृति : डीएम ने विद्युत और जल विभाग को दिया ये लक्ष्य

Satyendra Kr Vishwakarma

मुख्य सचिव का आदेश : रोज एक घंटे जनसुनवाई करेंगे अफसर, बदलेगा काम करने का तरीका, जानें

Sunil Kumar Rai

UP Election 2022 : सात चरण में होंगे यूपी विधानसभा के चुनाव, देखें चरणवार जिलों की लिस्ट

Sunil Kumar Rai

Deoria News : ट्राईसाइकिल पाकर खिले दिव्यांगजनों के चेहरे, सांसद रविंद्र कुशवाहा और विधायक सभाकुंवर कुशवाहा ने बांटी खुशियां

Sunil Kumar Rai
error: Content is protected !!