उत्तर प्रदेशखबरें

BREAKING : यूपी विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी महिलाओं को मौका देगी कांग्रेस, प्रियंका गांधी ने की घोषणा और बताई वजह

Uttar Pradesh : कांग्रेस यूपी की प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ के प्रदेश कार्यालय से विधानसभा चुनाव (UP Elections 2022) का शंखनाद किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला शक्ति को राजनीति में 40% भागीदारी सुनिश्चित कर अधिकार देगी। इस बदलाव की शुरुआत उत्तर प्रदेश के रण से होने जा रही है। हमारी नीति और नीयत स्पष्ट है। कांग्रेस महिला शक्ति को अधिकार दिलाकर सशक्त बनायेंगी। उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता पीएल पुनिया, प्रमोद तिवारी, सलमान खुर्शीद, एमएलसी दीपक सिंह, आराधना मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और आचार्य प्रमोद कृष्णम मौजूद रहे।

मीडिया को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, “मैं आप सभी से कहना चाहती हूं कि आप समाज सेविका हैं। आप अध्यापिका हैं। आप एक नौजवान महिला हैं, जो अपना भविष्य बनाना चाहती हैं। आप प्रेस में हैं और बदलाव चाहती हैं तो इंतज़ार मत कीजिए। आपकी सुरक्षा कोई नहीं करने वाला है। सभी बातें करते हैं। सुरक्षा करने का जब समय आता है, तब सुरक्षा उनकी होती है जो आपको कुचलते हैं। आज सत्ता का काम ये है कि आप खुलेआम पूरी जनता के सामने लोगों को कुचल सकते हैं। ये सत्ता बन गयी है। ये गलत है। घृणा का बोलबाला है। नफरत का बोलबाला है। यह गलत है। इसको महिलाएं बदल सकती हैं। महिलाएं इसलिए बदल सकती हैं, क्योंकि करुणा और सेवा भाव, दृढ़ता और शक्ति सबसे ज्यादा महिलाओं में होती है।”

विकास की राजनीति की ओर ले जाना है

उन्होंने आगे कहा, मैं आपसे कहना चाहती हूं कि राजनीति में आओ। मुझसे कंधे से कंधा मिलाओ। मैं जानती हूं कि आपके संघर्ष क्या हैं। मेरी प्रेस की सहेलियां यहां हैं, जो सुबह से शाम तक किन परिस्थितियों में काम करती हैं। कितना संघर्ष करना होता है महिलाओं को। अगर आप एकजुट नहीं होंगी तो कौन करेगा। ये संघर्ष आपके साथ? अगर देश को जातिवाद और धर्म की राजनीति से निकालकर विकास की राजनीति की ओर ले जाना है, तो महिलाओं को आगे बढ़ना पड़ेगा। वो शक्ति है। वो शौर्य है, वो भारत की नारी है। न्याय की मशाल लिये निकल पड़ी है।” हमने हर विधानसभा के लिए आवेदन मांगे हैं। अगले महीने की 15 तारीख तक आवेदन किया जा सकता है। जो चुनाव लड़ना चाहता है, आवेदन करे। हम उन्हें राजनीति में मौका देंगे।

सशक्त बनाएंगे

प्रियंका गांधी ने आगे कहा, “वो अन्याय पर पड़ रही भारी है। वो भारत की नारी है। जुल्म-अत्याचार पर भारी है। महिला सशक्तिकरण हमारा ध्येय है। महिलाएं तभी सशक्त होंगी, जब उन्हें अधिकार मिलेंगे। जब उन्हें राजनीति में हिस्सेदारी मिलेगी। महिला सशक्तिकरण की तरफ कदम बढ़ेंगे। अब महिलाओं को भी राजनीति में हिस्सेदारी मिलेगी। देश और समाज की प्रगति में महिला शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। हम उसी भूमिका को राजनीतिक हिस्सेदारी देकर उन्हें सशक्त बनायेंगे। कांग्रेस महिला सशक्तिकरण के वादे को निभाने जा रही है। महिला शक्ति को राजनीतिक हिस्सेदारी दिलाने जा रही है।”

पुलिसकर्मियों के लिए फैसला

पार्टी की यूपी प्रभारी ने कहा, 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने का ये निर्णय उस महिला पुलिसकर्मी के लिए भी है, जब सीतापुर में रात अंधेरे में उस महिला पुलिसकर्मी ने मुझे घेर लिया। वो मुझसे लड़ीं भी। तब मैं समझी कि वह सुबह 4 बजे तक ड्यूटी पर थीं तमाम मुश्किलों के बावजूद। ये निर्णय हमने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी की उन लड़कियों के लिए लिया, जिन्होंने मुझसे कहा कि यूनिवर्सिटी और होस्टल के नियम उनके लिए अलग थे और पुरुषों के लिए अलग। ये निर्णय उस महिला के लिए लिया है जिसने गंगा यात्रा के दौरान मेरी नाव को वापस तट पर बुलाकर कहा कि मेरे गांव में पाठशाला नहीं है। मैं अपने बच्चों को पढ़ाना चाहती हूं।

हाथरस की पीड़ित मां के लिए फैसला

उन्होंने आगे कहा, 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने का ये निर्णय प्रयागराज की एक लड़की पारो के लिए लिया गया है, जिसने मेरा हाथ पकड़कर मुझे कहा कि दीदी मैं बड़ी होकर नेता बनना चाहती हूं। ये निर्णय चंदोली के शहीद एयरफ़ोर्स पायलट की बहन वैष्णवी के लिए है, जिसने मुझे कहा कि उसके भाई शहीद हो गए, लेकिन वह पायलट बनना चाहती है। ये निर्णय उन्नाव की उस लड़की के लिए है जिसको जलाया गया, मारा गया। उसकी भाभी के लिए है जो आज भी उसके लिए संघर्ष कर रही है। ये निर्णय उन्नाव की उस बेटी की भाभी की 9 साल की बिटिया के लिए है, जिसे स्कूल में धमकाया गया था। ये निर्णय हाथरस की उस मां के लिए है जिसने गले लगाकर मुझे कहा कि उसको न्याय चाहिए, क्योंकि उसे न्याय नहीं मिल रहा है।

जल्द ही लखनऊ शिफ्ट होंगी प्रियंका

प्रियंका का स्टाफ दिल्ली से लखनऊ शिफ्ट कर रहा है। बताया जा रहा है कि 14 नवंबर को विधिवत रूप से कौल निवास को कांग्रेस चुनाव मुख्यालय घोषित कर दिया जाएगा। हाल में लखीमपुर में हुई हिंसा के बाद से प्रियंका गांधी ने जिस तरह कमान संभाली, उससे कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिली है। बता दें कि कांग्रेस यूपी में अपनी खोई जड़ें तलाश रही है। पार्टी ने प्रदेश में विस्तार के लिए वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी दी है। कांग्रेस ने चुनाव अभियान कमेटी, चुनावी रणनीति और प्लानिंग कमेटी, इलेक्शन समन्वय कमेटी का भी ऐलान कर दिया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को यूपी विधानसभा चुनाव का सीनियर ऑब्जर्वर नियुक्त किया है।

Related posts

यूपी : तेज आवाज में बजा लाउडस्पीकर तो एक्शन लेगी योगी सरकार, जानें क्या

Sunil Kumar Rai

Power Problem : रोस्टर के मुताबिक हर जिले को मिलेगी निर्बाध बिजली, सीएम ने की समीक्षा, जानें क्या कहा

Harindra Kumar Rai

बड़ा फैसला : नो वेंडिंग जोन बनेंगे देवरिया के ये तीन मुख्य मार्ग, व्यापारियों ने की अंडरपास बनाने की मांग, डीएम ने दिया आश्वासन

Abhishek Kumar Rai

BIG NEWS : देवरिया पुलिस ने टॉप 10 हिस्ट्रीशीटर पकड़ा, ऐसे हुई गिरफ्तारी

Abhishek Kumar Rai

Deoria News : आवासीय खेल छात्रावासों में प्रवेश के लिए 26 सिंतबर से शुरू होंगे ट्रायल, जाने से पहले भरना होगा फॉर्म

Abhishek Kumar Rai

SP Candidates List Released : सपा ने तमकुहीराज सीट से उदय नारायण गुप्ता को चुनावी अखाड़े में उतारा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू से मिलेगी टक्कर

Abhishek Kumar Rai
error: Content is protected !!