खबरेंपूर्वांचल

Deepawali 2021 : लौट रहा अयोध्या का गौरव, हर साल 5 करोड़ पर्यटक आएंगे रामनगरी, योगी सरकार ने बनाया ये प्लान

Ayodhya Deepotsav 2021 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने अयोध्या में 661 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत की 50 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 105 करोड़ रुपए लागत की 26 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 556.11 करोड़ रुपए 24 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल हैं। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत राज्य सरकार की ओर से आगामी होली तक निःशुल्क खाद्यान्न दिए जाने की घोषणा की।

इस योजना के तहत प्रदेश के 15 करोड़ जरूरतमन्द लाभान्वित होंगे। इसके अलावा, अन्त्योदय कार्डधारकों को मिलने वाले खाद्यान्न के तहत चावल, गेहूं के साथ 1 किलो दाल, 1 लीटर खाद्य तेल, 1 किलो नमक और 1 किलो चीनी निःशुल्क दी जाएगी। पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को मिलने वाले खाद्यान्न में 1 किलो दाल, 1 लीटर खाद्य तेल और 1 किलो नमक भी निःशुल्क दिया जाएगा।

दिव्यता और भव्यता का प्रतीक है

मुख्यमंत्री आज अयोध्या के रामकथा पार्क में दीपावली के अवसर पर आयोजित पंचम ‘दीपोत्सव-2021’ कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने दीपावली पर्व की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) की प्रेरणा, सन्तों के सहयोग, जनता व जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से वर्ष 2017 में आयोजित प्रथम दीपोत्सव ने आज भव्य और दिव्य रूप ग्रहण कर लिया है। यह एक सफल और विशिष्ट आयोजन बन चुका है। ‘दीपोत्सव’ महान उत्सव का क्षण है, दिव्यता और भव्यता का प्रतीक है। दीपोत्सव भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या आगमन की स्मृति से जुड़ता है।

500 तीर्थ स्थल विकसित होंगे

उन्होंने आगे कहा, अयोध्या सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक नगरी के रूप में पूरे विश्व पटल पर तेजी के साथ उभर रही है। यह नगरी भविष्य में दुनिया भर के श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगी। अयोध्या में मन्दिर निर्माण के साथ-साथ वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम, मिर्जापुर में मां विन्ध्यवासिनी धाम को तेजी से विकसित किया जा रहा है। पूरे प्रदेश में केन्द्र व राज्य सरकार के समन्वय से 500 तीर्थ स्थलों के विकास का कार्य किया जा रहा है। जिनमें से 300 तीर्थ स्थलों के विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं। शेष तीर्थ स्थलों के विकास कार्य आगामी 2 माह में पूर्ण हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि अयोध्या में अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को भारत सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है। इसके लिए भी कार्य किया जा रहा है। शीघ्र ही, सन्तों, महात्माओं, श्रद्धालुओं को इस हवाई अड्डे का लाभ मिलने लगेगा। वे कम समय में अधिक दूरी की यात्रा कर सकेंगे।

विकसित किया जा रहा है

सीएम ने आगे कहा, अयोध्या सप्तपुरियों में से पहली पुरी मानी जाती है। जहां पंचकोसी, चौदहकोसी और चौरासीकोसी परिक्रमा मार्ग के साथ-साथ कनक भवन, रामकोट, नागेश्वरनाथ मन्दिर, हनुमानगढ़ी, छोटी देवकाली मन्दिर, मणि पर्वत आदि को भी विकसित किया जा रहा है। इनके लिए धनराशि उपलब्ध करायी जा चुकी है तथा आगे भी आवश्यकतानुसार धनराशि उपलब्ध करायी जाएगी। इन स्थलों के बदलाव को शीघ्र ही दुनिया देखेगी। राज्य सरकार अयोध्या को वैश्विक पटल पर पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित कर रही है।

मंदिर का निर्माण शुरू हो चुका है

उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य श्रीराम मन्दिर का निर्माण प्रारम्भ हो चुका है और लोगों की भावनाओं के अनुरूप मन्दिर निर्माण कार्य प्रशस्त हुआ है। अब मन्दिर निर्माण में किसी भी प्रकार का अवरोध और बाधा नहीं है। इससे श्रीराम जन्मभूमि आन्दोलन से जुड़े सन्तों, महात्माओं और लोगों की भावनाओं को पूर्णता मिली है। यह लोकतंत्र की ताकत है। यह प्रभु श्रीराम की मर्यादा और धैर्य की विजय है। विगत साढ़े सात वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सभी जरूरतमन्दों को आवास, शौचालय, निःशुल्क विद्युत कनेक्शन, रसोई गैस, 5 लाख रुपए प्रति वर्ष का स्वास्थ्य बीमा कवर आदि सुविधाएं मिली हैं। व्यापक पैमाने पर लोगों को रोजगार मिला है। देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है।

जन का मंदिर है

इस अवसर पर केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि वे दीपोत्सव कार्यक्रम का हिस्सा बनकर स्वयं को सौभाग्यशाली व गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। आज का दिन ऐतिहासिक दिन है। दीपोत्सव प्रभु श्रीराम के वनवास के बाद अयोध्या आगमन पर मनाया जाता है। केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप अयोध्या एक नए रूप में विकसित हो रही है। श्रीराम मन्दिर राष्ट्र का मन्दिर है। श्रीराम मन्दिर जन-जन का मन्दिर है। अयोध्या में मन्दिर निर्माण के बाद पूरी दुनिया से लोग आएंगे। अयोध्या में इण्टरनेशन एयरपोर्ट का निर्माण हो रहा है।

5 करोड़ पर्यटक आएंगे

उन्होंने आगे कहा, अयोध्या रेल, सड़क और वायु कनेक्टिविटी से जुड़ रही है। इनके अलावा, संस्कृति, अध्यात्म, धर्म के स्तर पर भी यह पूरी दुनिया से जुड़ रही है। केन्द्र व राज्य सरकार के समन्वय से अयोध्या का विकास हो रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रभु श्रीराम के आदर्शों पर रामराज्य की स्थापना का कार्य ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अयोध्या जिस प्रकार तेजी से विकसित हो रही है, उससे आने वाले 10 वर्षों में प्रति वर्ष 5 करोड़ पर्यटक इस नगरी में आएंगे। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की इस विकास यात्रा में सभी सहभागी बनें। कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ नीलकंठ तिवारी, विधान परिषद सदस्य स्वतंत्रदेव सिंह ने भी सम्बोधित किया।

Related posts

देवरिया रजिस्ट्रेशन ऑफिस में खुलेगा एक और काउंटर : लोगों को मिलेगी सहूलियत, औचक निरीक्षण करने पहुंचे डीएम ने दिए ये आदेश

Rajeev Singh

यूपी के 40 से ज्यादा जिले कोविड मुक्त : सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिए ये आदेश

Shweta Sharma

DEORIA BREAKING : डीएम की संस्तुति पर यूपीपीसीएल के परियोजना प्रबंधक हटे, ये कार्रवाई भी होगी

Sunil Kumar Rai

जल्द ठीक होगा देवरिया-पकड़ी मार्ग : खस्ताहाल सड़क देख हैरान हुए डीएम, मांगा अब तक के खर्च का रिकॉर्ड

Sunil Kumar Rai

5G Network in India : जल्द शुरू होंगी 5G सेवाएं, पीएम मोदी बोले – गांवों से गुजरेगा डिजिटल इंडिया का सपना, जानें सरकार का पूरा प्लान

Abhishek Kumar Rai

सीएम योगी का आदेश : राज्य पक्षी और पशु के लिए जंगलों में विकसित किए जाएं विशेष पार्क, वन विभाग को दी बड़ी जिम्मेदारी

Swapnil Yadav
error: Content is protected !!