उत्तर प्रदेशखबरें

यूपी में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की तैयारी तेज : सीएम ने किया लोगो का अनावरण, युवाओं को दिया ये संदेश

Uttar Pradesh : “उत्तर प्रदेश आज सिर्फ सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य ही नहीं है, बल्कि यहां होने वाला हर आयोजन भी स्वतः ही सबसे बड़ा हो जाता है। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के तृतीय संस्करण के लिए उत्तर प्रदेश का चयन किया गया है और विश्वास दिला सकता हूं कि यह अब तक का सबसे बड़ा आयोजन होगा। 200 विश्विद्यालयों के छात्र-छात्राएं इस आयोजन के भागीदार बनेंगे। उन्हें उत्तर प्रदेश को जानने, समझने और सीखने का भी अवसर प्राप्त होगा। उत्तर प्रदेश की पूरी टीम इनके स्वागत के लिए तैयार है। 25 मई से प्रारंभ होने वाले इन गेम्स के शुभारंभ के लिए भारत सरकार को और सभी राज्यों को सादर आमंत्रित करता हूं कि वो इन आयोजन के भागीदार बनें और अपना मार्गदर्शन दें। ये गेम्स वास्तव में स्पोर्ट्स की एक्टिविटी को अपने युवाओं तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होंगे।”

यह बातें सीएम योगी ने शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लोगो, मैस्काट, मशाल, एंथम और जर्सी का अनावरण करते हुए कही। इस अवसर पर उनके साथ केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा कार्य व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह एवं खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव भी उपस्थित रहे।

बदलते हुए भारत की धारणा को मजबूत कर रहा है खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स
सीएम योगी ने भारत में खेलों के प्रति सोच में हुए परिवतर्न का जिक्र करते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि आप सबने पिछले 9 वर्ष के अंदर भारत को प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए देखा होगा। भारत के बारे में दुनिया की धारणा को बदलते हुए भी देखा है। भारत के प्रत्येक नागरिक के मन में एक नया विश्वास भी आपने महसूस किया होगा। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स भी उसी धारणा को बदलने और उस विश्वास का एक प्रतीक है। एक दशक पहले खेल और खिलाड़ियों के प्रति लोगों के मन में अच्छी धारणा नहीं होती थी।

सीएम ने कहा कि खेल को एक अनावश्यक कार्य माना जाता था, समय बर्बादी माना जाता था। आज इसके प्रति धारणा बदली है। परिवार के लोग मिलकर बच्चे को प्रोत्साहित करते हैं। भारतीय मनीषा ने तो हमेशा कहा कि शरीरमाद्यं खलु धर्म साधनम्, यानी धर्म के जितने भी साधन हैं वो स्वस्थ शरीर से ही संभव हो सकते हैं और स्वस्थ शरीर उसी को प्राप्त होगा जो नियम और संयम से रहता होगा, अनुशासन में रहता होगा। स्वाभाविक रूप से खेल की इन गतिविधियों से व्यक्ति न केवल स्वस्थ रह सकता है बल्कि समाज और राष्ट्र को सशक्त भी कर सकता है। खेलो इंडिया खेलो और फिट इंडिया मूवमेंट उसी श्रृंखला के हिस्से हैं।

गांव से लेकर जनपद तक यूपी में मिल रहा खेलों को बढ़ावा
खेलों के प्रति उत्तर प्रदेश में बढ़ रही जागरूकता का हवाला देते हुए सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस तरह के कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया गया है। सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन भी आज गांव से लेकर जनपद स्तर तक भव्य रूप से संपन्न हो रहे हैं। प्रत्येक जनपद स्तर पर भी खिलाड़ियों की लंबी टीम है। ग्रामीण क्षेत्र में महिला हो या पुरुष, बालक हों या बालिकाएं बड़े पैमाने पर इन कार्यक्रमों से जुड़ रहे हैं। उन्होंने अनुराग सिंह ठाकुर को धन्यवाद देते हुए कहा कि खेल मंत्रालय संभालने के बाद खेल के प्रति और एक अच्छे खिलाड़ी के रूप में उनके मन में इस अभियान को गति देने का जो भाव था वो पिछले चार वर्ष के अंदर हमने देखा और महसूस किया है। उत्तर प्रदेश आज प्रधानमंत्री जी के इस विजन को जमीनी धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह तैयार है।

65 हजार युवा मंगल दल और महिला मंगल दल को उपलब्ध कराईं स्पोर्ट्स किट
उत्तर प्रदेश में खेलों को प्रोत्साहित करने के प्रदेश सरकार के प्रयासों के बारे में सीएम योगी ने कहा कि हमने अनेक कार्यक्रम प्रारंभ किए हैं। उत्तर प्रदेश ने हर जनपद में एक स्टेडियम के निर्माण की कार्यवाही को आगे बढ़ाया है। ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम की कार्यवाही प्रारंभ हुई है। 58 हजार ग्राम पंचायतों में खेल मैदान के निर्माण को एक नई गति मिली है। हर वार्ड हो या ग्राम पंचायत खेल के मैदान के साथ ग्राम पंचायत की निधि का उपयोग ओपन जिम के लिए किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ी और खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए युवा कल्याण विभाग के द्वारा युवक मंगल दल और महिला मंगल दल को प्रोत्साहित करने के एक बड़े कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। अब तक हम 65 हजार युवा मंगल दल और महिला मंगल दल को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध करा चुके हैं। कुल 85 हजार इनकी संख्या हैं और 20 हजार जो शेष बचे हैं उन्हें भी अगले वर्ष तक स्पोर्ट्स किट उपलब्ध करा देंगे। सीएम ने कहा कि खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए भी अनेक कार्यक्रम चल रहे हैं। उत्तर प्रदेश अपनी पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी मेरठ में स्थापित कर रहा है। विश्वविद्यालय के साथ ही मेरठ वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के उत्तर प्रदेश सरकार की विशेष कार्ययोजना का एक हिस्सा है। वहां स्पोर्ट्स के आइटम को प्रोत्साहित करने के लिए हमने अनेक कार्यक्रम प्रारंभ किए हैं।

यूपी के खिलाड़ियों ने स्टेज पर प्रदर्शित की केआईयूजी की जर्सी और मशाल
इससे पहले सीएम और केंद्रीय खेल मंत्री ने सबसे पहले बटन दबाकर लोगो और एंथम को लॉन्च किया। इसके बाद जर्सी का अनावरण किया गया, जिसे उत्तर प्रदेश की हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया,दानिश मुज्तबा, बास्केटबाल प्लेयर विशेष भृगुवंशी और एथलीट अन्नू रानी ने स्टेज पर प्रदर्शित किया। इसके बाद मैस्काट ‘जीतू’ को लॉन्च किया गया,जो राज्य जीव बारासिंघा और राज्य पक्षी सारस का मिलाजुला स्वरूप है।

यह शुभंकर प्रकृति के प्रति यूपी की अगाध श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है। इस दौरान एथलीट सुधा सिंह,हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय, कुश्ती खिलाड़ी दिव्या काकरान, जूडो खिलाड़ी विजय कुमार यादव ने विशेष रूप से तैयार मशाल का प्रदर्शन किया। अंत में सीएम और केंद्रीय खेल मंत्री ने मशाल रिले को फ्लैग ऑफ किया। यह चार मशाल रिले पूरे प्रदेश का भ्रमण करके 25 मई को वापस लखनऊ लौटेंगी।

Related posts

एक्शन : धार्मिक स्थलों से उतारे गए 1 लाख से ज्यादा लाउडस्पीकर, सीएम का आदेश– दोबारा न लगने पाएं

Harindra Kumar Rai

सीएम योगी ने असद और गुलाम के एनकाउंटर पर टीम को दी बधाई : जानें क्या बोले दोनों उपमुख्यमंत्री

Abhishek Kumar Rai

बड़ी खबर : केंद्रीय विद्यालयों में दाखिले के लिए कोटा सिस्टम खत्म, केवीएस ने जारी की नई गाइडलाइंस, जानें क्या बदला है

Abhishek Kumar Rai

रामपुर गौनरिया और चैनपुर में अमृत सरोवर निर्माण में लाखों खर्च : मगर काम अधूरा, सीडीओ ने दिखाई सख्ती

Rajeev Singh

4 फरवरी को 25000 अभ्यर्थियों को मिलेगी नौकरी : सीएम योगी गोरखपुर में करेंगे रोजगार मेले का शुभारंभ

Sunil Kumar Rai

Syama Prasad Mukherjee Birth Anniversary : स्वतंत्र देव सिंह ने देव भूमि को किया नमन, कार्यकर्ताओं का बढ़ाया हौसला

Harindra Kumar Rai
error: Content is protected !!