उत्तर प्रदेशखबरें

सीएम योगी ने खिलाड़ियों को सौंपा नियुक्ति पत्र : पदक विजेता पैरा खिलाड़ियों को भी नौकरी देगी सरकार

Uttar Pradesh News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने युवा ऊर्जा के प्रोत्साहन के लिए नया प्लेटफॉर्म दिया है। इसके परिणामस्वरूप विगत 10 वर्षों से देश में खेल के लिए माहौल बना है। उत्तर प्रदेश में देश की लगभग 16 फीसदी आबादी निवास करती है। प्रधानमंत्री जी के विजन को मिशन मानकर प्रदेश में जो कार्य प्रारम्भ हुए, उनका परिणाम है कि एशियन तथा पैरा एशियन गेम्स में प्रदेश के खिलाड़ियों ने लगभग 25 प्रतिशत पदक प्राप्त किये हैं। नेशनल गेम्स में भी प्रदेश के खिलाड़ियों ने अच्छा किया है।

मुख्यमंत्री शनिवार को 19वें एशियाई खेल-2022, चतुर्थ पैरा एशियाई खेल-2022 एवं 37वें राष्ट्रीय खेल-2023 में पदक अर्जित करने वाले एवं प्रतिभाग करने वाले प्रदेश के 189 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 62 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि के वितरण कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। कार्यक्रम में केन्द्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर भी सम्मिलित हुए।

सीएम योगी ने दीप्ती शर्मा (क्रिकेट), पारुल चौधरी (एथलेटिक्स), अखिल श्योराण (शूटिंग) तथा अर्जुन देशवाल (कबड्डी) को पुलिस उपाधीक्षक, पुनीत कुमार (नौकायन) एवं प्राची (एथलेटिक्स) को जिला युवा कल्याण अधिकारी और अर्जुन सिंह (क्याकिंग कैनोइंग) को यात्री/ मालकर अधिकारी के पद के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश में खेलों के विकास पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री जी ने सभी पुरस्कृत खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत एक सप्ताह बहुत महत्वपूर्ण रहा है। 22 जनवरी को 500 वर्षां के इंतजार के बाद प्रभु श्रीरामलला नव्य अयोध्या में अपने दिव्य और भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं। देश और दुनिया इस कार्यक्रम की साक्षी बनी। यह केवल श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्य ही नहीं है, बल्कि यह भारत के गौरव की पुनर्प्रतिष्ठा भी है। दुनिया ने इसके प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया है। 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर प्रदेश की अनेक विभूतियों को सम्मानित किया गया। चन्द्रयान अभियान की प्रमुख वैज्ञानिक श्रीमती रितु करिधन श्रीवास्तव तथा उद्यमी श्री नवीन तिवारी को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान प्रदान किया गया।

सीएम ने कहा कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर खिलाड़ियों को प्रदेश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार पुरुष वर्ग में लक्ष्मण पुरस्कार तथा महिला वर्ग में रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल जी के कर-कमलों से सम्मानित किया गया। आज 189 खिलाड़ियों को 62 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि तथा 07 खिलाड़ियों को पुलिस उपाधीक्षक, जिला युवा कल्याण अधिकारी और परिवहन विभाग के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया है। यह क्षण अत्यन्त प्रफुल्लित करने वाला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने 22 जनवरी, 2024 को अपने सम्बोधन में कहा कि प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा राष्ट्र की प्रतिष्ठा को पुनर्स्थापित करने का कार्यक्रम है। यह देव से देश की यात्रा और राम से राष्ट्र की यात्रा का शुभारम्भ है। देश की पुनर्प्रतिष्ठा और गौरव को स्थापित करना तथा अपनी विभूतियों को सम्मानित करना भी राष्ट्र की प्रतिष्ठा ही है। पहले पैसा देकर लोग नौकरी खरीदते थे। आज सरकार नौकरी भी दे रही है और पैसा भी दे रही। यही परिवर्तन है। यह नेतृत्व पर निर्भर करता है।

उन्होंने कहा कि खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए देश में सांसद खेल-कूद प्रतियोगिता, खेलो इण्डिया खेलो तथा उत्तर प्रदेश में यूनिवर्सिटी गेम्स के आयोजन पूरी भव्यता के साथ सम्पन्न हुए। प्रदेश सरकार हर जनपद में स्टेडियम, हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम, हर ग्राम पंचायत में खेल का मैदान और ओपेन जिम के निर्माण की प्रक्रिया युद्ध स्तर पर आगे बढ़ा रही है। खेल और खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि में वृद्धि की गई है, संसाधन बढ़ाए गए हैं। प्रदेश के 500 से अधिक खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र देकर सरकारी नौकरी प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार हर जनपद में खेलो इण्डिया सेण्टर की स्थापना की कार्यवाही क्रियान्वित कर रही है। प्रदेश सरकार हर ब्लॉक में खेलो यूपी सेण्टर स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री जी ने वित्तमंत्री से इस बार के बजट में खेलो यू0पी0 सेण्टर के लिए धनराशि की व्यवस्था करने के लिए अपेक्षा की। इन सेण्टर में कोच भी तैनात किए जाएं। सरकार उन्हें निश्चित मानदेय देगी। ब्लॉक स्तर पर कोच होंगे तो हमारे खिलाड़ी अपना बेहतरीन प्रदर्शन कर पाएंगे। इसके लिए खेल विभाग कार्ययोजना बनाए और इस बजट में इसका प्राविधान करे।

सीएम ने कहा कि जो पैरा खिलाड़ी पदक प्राप्त करते हैं, उनके लिए भी नौकरियों में व्यवस्था की जानी चाहिए। यह हमारी विभूतियां हैं, इन्होंने अपने सामर्थ्य परिश्रम और पुरुषार्थ से देश व प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। एशियन गेम्स में पदक प्राप्त करने वाली बालिका ने कहा था कि उसने गोल्ड मेडल इसलिए जीता है, क्योंकि उत्तर प्रदेश में उन्हें डिप्टी एस0पी0 का पद प्राप्त होगा। आज के कार्यक्रम में सुश्री पारुल चौधरी को साढ़े चार करोड़ रुपये मिले हैं तथा डिप्टी एस0पी0 के पद के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया है। यह दिखाता है कि अब खिलाड़ियों के लिए बहुत से अवसर हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों से खिलाड़ी यहां आए हैं। इन सभी खिलाड़ियों को अपने-अपने जनपदों में अन्य खिलाड़ियों को अच्छा करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। यदि वह अनुशासित तरीके से परिणाम लेकर आएंगे, तो केन्द्र व राज्य की डबल इंजन सरकार उनका सम्मान करेगी। इसके लिए सभी खिलाड़ियों को स्वयं को तैयार करना होगा। खेल विभाग यहां सम्मानित हो रहे खिलाड़ियों को प्रदेश के स्पोर्ट्स कॉलेज तथा स्पोर्ट्स हॉस्टल का दौरा कराएं। यह खिलाड़ी अपने अनुभव अन्य नवोदित खिलाड़ियों से साझा करें। इससे नये खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। सरकार सभी खिलाड़ियों के हितों का संवर्धन करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य करेगी।

केन्द्रीय युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि खिलाड़ियों ने देश व प्रदेश का मान-सम्मान बढ़ाया है। देश में खेल के क्षेत्र में पिछले 10 वर्षों में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में खेल का बजट तीन गुना बढ़ाया गया है। उत्तर प्रदेश भी मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में खेल के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने बजट में वृद्धि की और खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ किया है। इस बार के एशियन गेम्स में मुख्यमंत्री जी के प्रोत्साहन से उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों सहित देश के खिलाड़ियों ने 107 पदक जीतकर कीर्तिमान स्थापित किया। मुख्यमंत्री जी उत्तर प्रदेश को खेल के क्षेत्र में बहुत आगे ले जाना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने हर ब्लॉक में खेलो यूपी सेण्टर की स्थापना का संकल्प लिया है। ओडीओपी से लेकर हर क्षेत्र में देश को उत्तर प्रदेश से नई ऊर्जा मिल रही है। मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश को दंगों से मुक्त कराया है। अब यहां दंगे नहीं दंगल होते हैं। इसके माध्यम से मेडल जीतने का काम होता है। प्रधानमंत्री जी ने देश के सामने जो लक्ष्य रखा है, इसमें उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है। उत्तर प्रदेश खेल के लिए सबसे अधिक इनामी राशि देने वाले राज्यों में है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन व मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने खेल में नया इतिहास रचा है। भारत में कभी भी प्रतिभा की कमी नहीं थी, लेकिन उसे प्रोत्साहन नहीं था। आज सरकार हर स्तर पर खेल एवं खिलाड़ियों के प्रोत्साहन का काम कर रही है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि देश में खेल के क्षेत्र में डंका बज रहा है। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को उत्कृष्ट श्रेणी की सुविधाएं दी जा रही हैं। इसके लिए बजट में वृद्धि की गई है। यह देश के उन नौजवानों का सम्मान है, जो भारत माता का झण्डा बुलन्द करते हैं।

वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों को प्रोत्साहित करने का कार्य किया जा रहा है। खिलाड़ियों को मिलने वाली इनाम राशि को बढ़ाया गया है। प्रदेश में मेजर ध्यानचन्द के नाम पर खेल विश्वविद्यालय बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में 19वें एशियन गेम्स-2022 के 19 पदक विजेता खिलाड़ियों को कुल 33 करोड़ 75 रुपये तथा 4वें पैरा एशियन गेम्स-2022 के 09 पदक विजेता खिलाड़ियों को कुल 16 करोड़ 50 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की गयी। 19वें एशियन गेम्स में उत्तर प्रदेश के 13 प्रतिभागी खिलाड़ियों को कुल 65 लाख रुपये तथा 4वें पैरा एशियन गेम्स-2022 में उत्तर प्रदेश के प्रतिभाग करने वाले 17 खिलाड़ियों को कुल 90 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गयी। 37वें नेशनल गेम्स-गोवा में उत्तर प्रदेश के 09 स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को कुल 54 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की गयी। 19वें एशियन गेम्स के प्रदेश के खिलाड़ियों के 03 प्रशिक्षकों तथा 4वें पैरा एशियन गेम्स-2022 के 04 प्रशिक्षकों का सम्मान भी किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव, सलाहकार मुख्यमंत्री अवनीश कुमार अवस्थी, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव खेल आलोक कुमार, प्रमुख सचिव परिवहन एल वेंकटेश्वर लू, सचिव खेल एवं युवा कल्याण सुहास एलवाई सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।

Related posts

देवरिया : पूर्व बीडीओ और बखरा खास के पूर्व प्रधान समेत 4 पर केस दर्ज, जानें वजह

Abhishek Kumar Rai

गेहूं की इस किस्म से होगी बंपर पैदावार : कम लागत में किसान पाएंगे ज्यादा उत्पादन, पढ़ें इसकी बुवाई से कटाई तक की पूरी जानकारी

Sunil Kumar Rai

Rooftop Solar Project : रूफटॉप सोलर प्रोजेक्ट के लिए पोर्टल का पीएम ने किया शुभारंभ, आवेदन में मिलेगी सहूलियत

Harindra Kumar Rai

देवरिया से शुरू चीनी उद्योग के 120 वर्ष पूरे : यूपी में स्थापित हुईं सर्वाधिक मिलें, पढ़ें राज्य में इस इंडस्ट्री का सफरनामा

Pushpanjali Srivastava

प्रदेश में छुट्टा गोवंश संरक्षण की प्रक्रिया तेज करेगी योगी सरकार : इस काम में लाई जाएगी तेजी, तीसरी किस्त हुई जारी

Rajeev Singh

DEORIA : भाजपा महिला मोर्चा का क्षेत्रीय प्रशिक्षण सम्पन्न, सांसद गीता शाक्य बोलीं-राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका अहम

Shweta Sharma
error: Content is protected !!