उत्तर प्रदेशखबरें

पलटवार : डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले- माफियाओं के दम पर सरकार चलाने वालों को हो रहा दर्द

Uttar Pradesh : उत्तर प्रदेश की विधान परिषद में बुधवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) की अगुवाई में सूबे में कानून का राज स्थापित हुआ है। लोग योगी जी की कानून-व्यवस्था को नजीर मान रहे हैं। इससे प्रेरित होकर अन्य राज्यों में भी बुलडोजर चल रहा है। प्रदेश सरकार ने अपराधियों की अवैध रूप से कमाई गई संपत्ति को जब्त किया। इससे जनता में विश्वास की भावना जागृत हुई है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज योगी राज से भय खाकर अपराधी गले में तख्ती लगाकर सरेंडर कर रहे हैं और स्वयं ही गिरफ्तारी की गुहार लगा रहे हैं। आज माफियाओं से जो जमीन मुक्त कराई जा रही है, उस पर गरीबों का आशियाना बन रहा है। उन्होंने सपा की तरफ इशारा करते हुए कहा कि जो लोग माफियाओं के दम पर अपनी सरकारें चलाते थे, सत्ता पर कब्जा करते थे, उनको दर्द हो रहा है।

थानों पर कब्जा करके बैठे रहे हैं

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जब-जब समाजवादी पार्टी सत्ता में आई, गुंडे, अपराधी, मवाली, माफिया, लुच्चे-लफंगे थानों पर कब्जा करके बैठे रहे हैं। इसका गवाह पूरा उत्तर प्रदेश रहा है। लखनऊ प्रदेश की राजधानी है। समाजवादी पार्टी के अनुषांगिक संगठन लोहिया वाहिनी के गुंडों ने हजरतगंज के सीओ को गाड़ी के बोनट पर टांग कर पूरे लखनऊ में घुमाया था और एसएसपी के बंगले में घुसा दिया था।

एक समान ध्येय था

डिप्टी सीएम ने कहा कि समाज में जब एक नेता बनता है, तो उसके पीछे बड़ी लंबी प्रक्रिया होती है। लेकिन जब ठोकर खाकर वह गलत रास्ते पर चला जाता है तो आने वाली पीढियां भी उस पर दुःखी होती हैं। हमारे पूर्वज भी स्वर्ग में दुःखी होते हैं। उन्होंने लोहिया जी, बाबा साहब डॉ आंबेडकर, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं दीनदयाल उपाध्याय जी का उदाहरण देते हुए कहा कि सबसे कमजोर वर्ग का उत्थान इन सभी का एक समान ध्येय था।

अपराधी और माफिया नदारद हैं

उन्होंने सपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि कांच पर अगर पारा चढ़ा दें तो वह आईना हो जाता है और अगर किसी को आईना दिखा दो तो उसका पारा चढ़ जाता है। सपा सरकार में इसी सदन के बाहर पचासों गाडियों में बंदूकधारी मौजूद रहते थे। आज प्रदेश सरकार की चुस्त-दुरुस्त कानून-व्यवस्था के भय से अपराधी और माफिया नदारद हैं।

50.66 प्रतिशत की कमी आयी है

उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार निष्पक्षता से अपराधियों पर कार्रवाई करती है। वर्ष 2016 के सापेक्ष वर्ष 2021 में डकैती के मामलों में 73.94 प्रतिशत, लूट की घटनाओं में 65.88 प्रतिशत, हत्या के मामलों में 33.95 प्रतिशत तथा बलात्कार के अपराध में 50.66 प्रतिशत की कमी आयी है।

धरातल पर उतारा जाएगा

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले यहां निवेशक नहीं आते थे, 2017 में सरकार बनने के बाद इन्वेस्टर समिट में 4.68 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आये। आगामी 03 जून को प्रदेश की तीसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी होने जा रही है, जिसमें 75000 करोड़ रुपये से अधिक के नये निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारा जाएगा।

नजर आ रहा है

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य गरीब कल्याण है। पहले की सरकारों में बिजली का रोस्टर एक सप्ताह दिन-एक सप्ताह रात का था। हमारी सरकार में 24*7 का सपना पूरा होता हुआ नजर आ रहा है। पहले ट्रांसफॉर्मर बदलने की कोई समय सीमा नहीं थी, आज तय समय सीमा में खराब ट्रांसफॉर्मर बदल जाता है।

बच्चों को शिक्षा मिलेगी

ब्रजेश पाठक ने कहा कि वर्ष 2012-17 के बीच लोक सेवा आयोग का नाम एक जाति विशेष के नाम से प्रचलित हो गया था। आज हर भर्ती पारदर्शिता के साथ हो रही है। सभी 18 मण्डल मुख्यालय पर अटल आवासीय विद्यालय स्थापित हो रहे हैं। यहां हमारे श्रमिक भाइयों के बच्चे पढ़ेंगे, निराश्रित बच्चों को शिक्षा मिलेगी।

उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर है

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में हमनें 36 हजार करोड़ रुपये से 86 लाख किसानों के ऋण माफी की। आज किसानों को अपनी उपज की पूरी कीमत मिल रही है। उन्हें आजादी है, जहां ज्यादा दाम मिले वहीं अपनी उपज बेचें। चीनी के मामले में उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर है। हमारे पास अतिरिक्त चीनी है। वर्ष 2016-17 में प्रदेश में एथेनॉल का उत्पादन 43.25 करोड़ लीटर था, जो वर्ष 2020-21 में बढ़कर 107.21 करोड़ लीटर हो गया है, अब उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा एथेनॉल आपूर्तिकर्ता राज्य बन गया है।

50 हजार करोड़ रुपये का भुगतान कराया गया

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017-18 से वर्ष 2021-22 की अवधि में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की कुल 219.12 लाख मीट्रिक टन खरीद की गयी। इसके माध्यम से 46 लाख 47 हजार किसानों को लाभान्वित करते हुए 40 हजार 159 करोड़ रुपये का भुगतान कराया गया। 280.09 लाख मीट्रिक टन धान की कुल खरीद करते हुए 42 लाख 90 हजार 474 किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ दिलाया गया। इसके तहत किसानों को 50 हजार 420 करोड़ रुपये का भुगतान कराया गया।

44.72 लाख कृषक लाभान्वित हुए

उन्होंने कहा कि विगत पांच वर्षों में दशकों से लम्बित चल रहीं बाणसागर, अर्जुन सहायक, सरयू नहर सहित कुल 20 सिंचाई परियोजनाएं पूर्ण की गयी हैं। जिनसे 21.42 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त सिंचन क्षमता का सृजन किया गया। इससे प्रदेश के 44.72 लाख कृषक लाभान्वित हुए।

एम्स संचालित हैं

डिप्टी सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ‘एक जनपद एक मेडिकल कॉलेज’ के लक्ष्य की पूर्ति के लिए गम्भीरता से प्रयास कर रही है। वर्तमान में प्रदेश में 65 मेडिकल कॉलेज हैं, जिनमें 35 राज्य सरकार द्वारा एवं 30 निजी क्षेत्र द्वारा संचालित हैं। इसके अतिरिक्त, जनपद गोरखपुर व रायबरेली में एम्स भी संचालित हैं।

सर्वाधिक एक्सप्रेस वे वाला प्रदेश बन रहा है

उन्होंने कहा कि यूपी को गड्ढ़ों का प्रदेश कहा जाता था। आज यहां सबसे अच्छी सड़कें हैं। आज उत्तर प्रदेश सर्वाधिक एक्सप्रेस वे वाला प्रदेश बन रहा है। 594 किमी लम्बी 6 लेन गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना का कार्य शुरू हो चुका है। सभी एक्सप्रेस-वे के किनारे इण्डस्ट्रियल कॉरीडोर बनाये जा रहे हैं।

Related posts

Deoria News : श्रमिकों की मदद के लिए गांवों में लगेगा कैंप, देखें किस ग्राम पंचायत में कब आएंगे अधिकारी

Sunil Kumar Rai

गोरखपुर में स्थापित होगा उत्तर भारत का पहला परमाणु संयंत्र : 10 एटमिक रिएक्टर की स्थापना करेगी मोदी सरकार

Pushpanjali Srivastava

Double Murder : देवरिया में चाचा-भतीजे ने चाकू घोंप कर ली एक दूसरे की जान, 6 इंच जमीन और बारिश का पानी बना वजह

Abhishek Kumar Rai

यूपी के शिक्षकों को ट्रेंड करेंगे आईआईटी गांधीनगर के विशेषज्ञ : 20 जुलाई से शुरू हुआ सेशन

Abhishek Kumar Rai

बदहाल पार्क और खस्ताहाल सड़कों से परेशान ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासी : प्राधिकरण से की ये मांग

Satyendra Kr Vishwakarma

एमिटी यूनिवर्सिटी : 7वें ग्लोबल लीडरशिप रिसर्च सम्मेलन में हुआ विशेषज्ञों का संगम, इन हस्तियों ने साझा किए अनुभव

Abhishek Kumar Rai
error: Content is protected !!