खबरेंदेवरिया

8 मार्च को देवरिया में बंद रहेंगी शराब की सभी दुकानें : डीएम ने कड़ाई से पालन कराने का दिया आदेश

Deoria News : जिला मजिस्ट्रेट जितेंद्र प्रताप सिंह (DM Deoria JP Singh IAS) ने आदेश देते हुए कहा है कि होली के अवसर पर 8 मार्च को जनपद में आबकारी की सभी दुकानें बंद रहेंगी।

डीएम ने आबकारी अधिनियम की धारा-59 में प्रदत्त अधिकार का प्रयोग करते हुए शासनादेश द्वारा होली के लिए प्रस्तावित अवकाश 08 मार्च (बुधवार) को सम्पूर्ण अवधि तक जनपद देवरिया की समस्त आबकारी की थोक एवं फुटकर दुकानों के साथ देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर ताड़ी, डिनेचर्ड स्प्रिंट, भांग, एफ. एल-7 रेस्टोरेन्ट बार एवं एफ. एल. 6 होटल बार तथा मॉडलशाप की समस्त दुकानों एवं जनपद स्थित मदिरा निर्माण इकाई को पूर्णरूप से बन्द रखे जाने का आदेश दिया है।

उन्होंने कहा है कि इस बन्दी के लिए अनुज्ञापन धारकों को कोई प्रतिफल देय नहीं होगा। इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किए जाने के लिए उन्होंने आगाह किया है।

डीएम जेपी सिंह ने कहा कि इन दोनों पर्वों के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने मुकम्मल तैयारी की है। विद्युत विभाग को 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति करने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान आने वाले लोकल फॉल्ट और ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं के त्वरित निपटान की तैयारी की गई है।

विद्युत सब स्टेशन में विद्युत कटौती संबंधित शिकायतों के निपटान के लिए कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्युत समस्याओं के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है जिसका नंबर 8004930620 है।

जिलाधिकारी ने बताया कि इन पर्वों के दृष्टिगत साफ-सफाई की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। इस संबंध में नगरीय क्षेत्रों के लिए नगर निकायों तथा ग्रामीण क्षेत्र में जिला पंचायती राज अधिकारी को निर्देशित किया जा चुका है।

नगरीय क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की विशेष व्यवस्था की गई है। होली के दृष्टिगत पानी से जुड़ी समस्याओं के लिए टोल फ्री नंबर पर 18001801382 शिकायत भी की जा सकती है। शबे बारात पर्व के दृष्टिगत आवारा पशुओं को बाड़े में बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि कतिपय शरारती तत्व सोशल मीडिया पर अपने घृणित भावनाओं को व्यक्त करते हैं। इसके लिए सोशल मीडिया की विशेष मॉनिटरिंग की जा रही है। जनपद में किसी भी तरह की असुविधा नागरिकों को न हो यह सुनिश्चित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टरों की विशेष ड्यूटी लगाई जा रही है। ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है और इमरजेंसी एंबुलेंस सेवा सुचारु रुप से चलेगी।

जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों से सहअस्तित्व की संस्कृति एवं जनपद के शन्तिपूर्ण इतिहास के अनुरूप होली एवं शबे बारात आपसी प्रेम व भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने कहा कि इन दोनों पर्वों के दृष्टिगत पुलिस की व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। कुछ लोग होली पर्व पर शराब एवं अन्य मादक पदार्थ का सेवन करके नशे की हालत में वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका रहती है। नशे की हालत में कोई भी गाड़ी न चलाए, ओवरस्पीडिंग या ट्रिपलिंग न करे, पुलिस यह सुनिश्चित करेगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस होलिका दहन कमेटियों के साथ समन्वय स्थापित कर रही है। 7 मार्च को होलिका दहन तथा 7 मार्च की रात को ही शबे बारात व 8 मार्च को होली के दृष्टिगत पुलिस की तैयारी मुकम्मल है। उन्होंने नागरिकों से अबीर-गुलाल और रंग से होली खेलने का अनुरोध किया।

एसपी ने कहा कि कीचड़ से होली खेलने पर लोग पुलिस को सूचित कर सकते हैं, पुलिस इस पर कड़ी कार्रवाई करेगी। शांति व्यवस्था से जुड़ी किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना 112 नंबर पर दी जा सकती है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे जनपद में दो हजार से अधिक स्थलों पर होलिका दहन होगा।

मुख्य विकास अधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया कि जनपद के 1185 ग्राम पंचायतों में 1495 होलिका दहन स्थल है, जिसके लिए 1905 सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। विकास भवन में विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया, जिसमें 32 लोगों की ड्यूटी लगाई गई है जो होलिका दहन की निगरानी करेंगे।

सीएमओ डॉ राजेश झा ने कहा कि अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाओं के लिए विशेष ड्यूटी लगाई गई है। जनपद में इमरजेंसी सेवाओं के लिए 73 एम्बुलेंस उपलब्ध हैं, जिन्हें 108 नंबर डायल करके बुलाया जा सकता है।

Related posts

देवरिया भाजपा ने मनाया लालकृष्ण आडवाणी का जन्मदिन : पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लंबी उम्र की प्रार्थना की

Abhishek Kumar Rai

अचानक विशुनपुरा आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचे सीडीओ : बच्चों को बांटी सामग्री, सेंटर पर मिलीं ये कमियां

Sunil Kumar Rai

Tourism : उत्तराखंड घुमने जाएं तो यूपी सरकार के इस आवास में ठहरें, मिलेगी खास सुविधा

Abhishek Kumar Rai

डीएम मनीष कुमार वर्मा का सख्त आदेश : कीटनाशक डीलर किसानों को दें मेमो, लापरवाही हुई तो…

Satyendra Kr Vishwakarma

डीएम बोले : बायोफ्लॉक मछली पालन से खुल रही तरक्की की नई राह, लाखों कमा रही देवरिया की ये महिला मत्स्य पालक

Satyendra Kr Vishwakarma

Saryu Nahar National Project : 4 दशक से लंबित प्रोजेक्ट 4 साल में पूरा हुआ, इन 5 नदियों को जोड़ा गया

Harindra Kumar Rai
error: Content is protected !!