उत्तर प्रदेशखबरें

महिला जागरूकता के लिए योगी सरकार ने शुरू की मुहिम : हर बुधवार ‘शक्ति दीदी’ आएंगी, समस्याओं का समाधान संग लाएंगी

Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए समर्पित योगी सरकार ने अब महिलाओं को उनके अधिकारों के लिए जागरूक करने की मुहिम शुरू की है। इस मुहिम के तहत प्रत्येक सप्ताह बुधवार के दिन 2 महिला पुलिस कर्मियों (शक्ति दीदी) की टीम गांव और शहरों में विभिन्न स्थानों पर जाकर महिलाओं को सरकार की महिला प्रधान योजनाओं के विषय में जानकारी देंगी और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करेंगी।

यही नहीं, विभिन्न विभागों के साथ समन्वय करके वो उनकी समस्याओं का निदान भी कराने का प्रयास करेंगी। ग्राम और न्याय पंचायतों में भ्रमण के दौरान शक्ति दीदी के साथ ग्राम, न्याय पंचायत के लिए नियुक्त बीसी सखी, राजस्व लेखपाल, एएनएम, आशा वर्कर व अन्य भी मौजूद रहेंगी। शहरी क्षेत्रों में भी मोहल्लावार इसी प्रकार से कार्ययोजना बनाकर कार्यवाही संपन्न कराई जाएगी। उल्लेखनीय है कि नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन को समर्पित योगी सरकार की मिशन शक्ति योजना के अगले चरण के लिए विभागवार कार्ययोजना का निर्धारण कर दिया गया है। गृह विभाग को शक्ति दीदी के रूप में प्रस्तावित रूपरेखा पर कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

3 बिंदुओं पर महिलाओं से किया जाएगा संवाद
ग्राम, न्याय पंचायतों के साथ शहरी क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान मुख्य रूप से ‘शक्ति दीदी’ द्वारा अन्य सरकारी विभागों के कर्मियों से समन्वय कर 3 प्रमुख बिंदुओं पर ग्राम और न्याय पंचायत की महिलाओं के साथ संवाद स्थापित किया जाएगा। इनमें पहला बिंदु महिला सुरक्षा पर जागरूकता का प्रसार करना होगा, जबकि दूसरा बिंदु विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना होगा। वहीं तीसरा बिंदु महिला हिंसा से संबंधित तथा अन्य शिकायतों के निवारण के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर व फोरम के संबंध में जानकारी प्रदान करना होगा।

महिलाओं को समर्पित कानूनों के प्रति दी जाएगी जानकारी
पहले बिंदु यानी महिला सुरक्षा के तहत शक्ति दीदी का मुख्य संदेश महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित समस्याओं एवं मुद्दों पर समझ बनाना होगा। महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित विभिन्न प्रमुख कानूनों जैसे घरेलू हिंसा से संरक्षण, दहेज निषेध, कार्य स्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण, अनैतिक व्यापार निवारण, पॉक्सो, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम एवं भारतीय दंड संहिता में महिलाओं की गरिमा के विरूद्ध प्रमुख अपराध आदि की जानकारी देना होगा। उन्हें ये भी बताया जाएगा कि कैसे वे इन कानूनों का उपयोग करके अपने खिलाफ होने वाले अपराधों को रोक सकती हैं।

महिलाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के विषय में किया जाएगा जागरूक
इसी तरह शक्ति दीदी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान करेंगी। इनमें वो योजनाएं होंगी, जो योगी सरकार ने मुख्यतः महिलाओं को ध्यान में रखकर शुरू की हैं। चाहे वो मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना हो, निराश्रित महिला पेंशन योजना, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, बैकिंग करेस्पांडेंट सखी (बीसी सखी), राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम सम्मान निधि योजना, वन स्टाप सेंटर सेफ सिटी योजना, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, प्रधानमंत्री फ्री सिलाई मशीन योजना, महिला शक्ति केन्द्र योजना, यूपी भाग्य लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना हो या महिला ई-हाट योजना। इन सभी योजनाओं के बारे में हर तरह की जानकारी देने के साथ ही इनका लाभ लेने के लिए क्या कदम उठाए जाएं, इस विषय पर भी जागरूक करेंगी।

हेल्पलाइन नंबर और फोरम के विषय में किया जाएगा अवेयर
शक्ति दीदी महिलाओं को महिला हिंसा से संबंधित तथा अन्य शिकायतों के निवारण के लिए योगी सरकार द्वारा जारी किए गए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर और फोरम के संबंध में भी जानकारी प्रदान करेंगी। महिलाओं को वुमेन पावर हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्प लाइन नम्बर-1026. चाइल्ड हेल्प लाइन नम्बर -1098, वन स्टाप सेंटर-181 साइबर हेल्प लाइन 1930, स्वास्थ्य सेवा हेल्प लाइन 102, एंबुलेंस सेवा- 108, जनसुनवाई पोर्टल, स्थानीय थाने की महिला हेल्प डेस्क, जिला संरक्षण अधिकारी, राष्ट्रीय/राज्य महिला आयोग, जनपद न्यायालय में स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विषय में संपूर्ण जानकारी दी जाएगी।

Related posts

देवरिया : लाखों का धान बेचने वाले 944 लोगों के राशन कार्ड निरस्त, रिपोर्ट से हुए चौंकाने वाले खुलासे

Sunil Kumar Rai

Agnipath Scheme : अग्निपथ योजना के विरोध में ‘आप’ का आंदोलन, पूरे प्रदेश में पीएम के लिए मांगा भीख

Satyendra Kr Vishwakarma

बच्चों के टीकाकरण और वयस्कों को बूस्टर डोज देने में तेजी लाएं : सीएम योगी

Satyendra Kr Vishwakarma

DEORIA : न्यायाधीशों ने राजकीय बाल गृह और पाथ वात्सल्य खुला आश्रय गृह का किया निरीक्षण, दिए ये आदेश

Satyendra Kr Vishwakarma

Gorakhpur Link Expressway 53 फीसदी से अधिक तैयार : अगले साल तक फर्राटा भरेंगी गाड़ियां, चंद घंटों में होगा दिल्ली और काशी का सफर

Harindra Kumar Rai

यूपी में परिवार आईडी के लिए ऑनलाइन पोर्टल तैयार : अब तक मिले 78 हजार आवेदन, लाइव डेटाबेस से हर फैमिली…

Abhishek Kumar Rai
error: Content is protected !!