उत्तर प्रदेशखबरें

यूपी के हर जिले में खुलेंगे 3 खास कोविड वैक्सीन सेंटर : जिलाधिकारियों और ग्राम प्रधान को मिली ये जिम्मेदारी

Uttar Pradesh: यूपी के करोड़ों लोगों को कोरोना वैक्सीन की खुराक देने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार (Yogi Adityanath Government) ने बड़ा फैसला लिया है। अब राज्य के सभी जनपदों में तीन केंद्रों में सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक मुफ्त टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए तैयारी की जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी सोमवार को अपने सरकारी आवास पर जनपदीय अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोरोना वैक्सीनेशन, छठ पूजा सहित कार्तिक माह में सम्पन्न होने वाले पर पर्वों एवं मेलों का प्रबन्धन, धान क्रय केन्द्रों के संचालन, डीएपी की उपलब्धता, निराश्रित गोआश्रय स्थलों का प्रबन्धन, रैन बसेरों की व्यवस्था आदि की समीक्षा कर रहे थे।

जिलाधिकारी करें बैठक

उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी कोरोना टीकाकरण के कार्य को पूरी गम्भीरता से लेकर प्रभावी ढंग से सम्पन्न कराएं। कोरोना टीकाकरण की गति बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी रोजाना शाम 6 बजे से 7 बजे के मध्य मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी आदि अधिकारियों के साथ कोरोना टीकाकरण की प्रगति की नियमित समीक्षा करें।

सीएमओ करें निरीक्षण

सीएम ने कहा कि मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी आदि अधिकारी नियमित रूप से कोरोना टीकाकरण केन्द्रों का भ्रमण कर निरीक्षण करें। जिलाधिकारी राजस्व, पंचायतीराज, ग्राम्य विकास आदि विभागों के अंतर्विभागीय समन्वय के माध्यम से कोरोना टीकाकरण की गति बढ़ाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 40 लाख कोरोना टीकाकरण की क्षमता है। आगामी डेढ़ महीनों तक राज्य में रोजाना औसतन 25 लाख से 30 लाख कोरोना टीकाकरण का प्रयास किया जाए।

सभी निवासियों को मिले वैक्सीन

सीएम ने आगे कहा, कोरोना प्रबन्धन में राज्य की सर्वत्र सराहना हुई है। कोरोना टीकाकरण का कार्य भी इसी प्रकार सफलतापूर्वक सम्पन्न किया जाना चाहिए। कोविड टीकाकरण के लिए पात्र लगभग 15 करोड़ प्रदेशवासियों में से अब तक 9.95 करोड़ लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगा दी गयी है। पौने पांच करोड़ लोगों को अभी भी कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक दी जानी बाकी है।

नवंबर के अंत तक मिले टीका

नवम्बर, 2021 के अंत तक 100 फीसदी पात्र व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीन की प्रथम डोज लगायी जानी है। इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना के माध्यम से राज्य में प्रतिदिन 25 – 30 लाख कोरोना टीकाकरण किया जाए। इस सम्बन्ध में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए, अन्यथा सम्बन्धित की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

तत्काल सुधार हो

उन्होंने कहा कि कोविड टीकाकरण में गौतमबुद्ध नगर, शाहजहांपुर, गाजियाबाद, लखनऊ और झांसी जनपदों में 75 फीसदी से अधिक लोगों को टीके की पहली डोज लगाई जा चुकी है। जबकि फिरोजाबाद, बलिया, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, अलीगढ़, सोनभद्र, हॉपुड़, आजमगढ़, फर्रुखाबाद सहित 34 जनपदों में अब तक 65 फीसदी से कम प्रथम डोज लगाई है। इसमें तत्काल सुधार किया जाना चाहिए।

नोडल अफसर निभाएं जिम्मेदारी

कोरोना टीकाकरण के कार्य को प्रभावी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एक नोडल अधिकारी तैनात करें। नोडल अधिकारी जनपदों से संवाद बनाकर कोरोना टीकाकरण की प्रगति की नियमित रिपोर्ट प्राप्त करें तथा कोरोना टीकाकरण के सम्बन्ध में शिथिलता बरतने वाले जनपदों के सम्बन्ध में साप्ताहिक रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को भी उपलब्ध कराएं।

बनी ये योजना

अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने इस अवसर पर जिलाधिकारी, एसडीएम तथा अन्य अधिकारियों से कोरोना वैक्सीनेशन कार्य में तेजी लाने का आह्वान करते हुए कोरोना वैक्सीनेशन की गति बढ़ाने के लिए माइक्रो प्लानिंग एवं माइक्रो मैनेजमेंट की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि छोटे जनपद में एक तथा बड़े जनपदों में 2-3 ऐसे कोरोना वैक्सीनेशन सेण्टर संचालित किए जाने चाहिए, जहां सुबह 8 बजे से लेकर रात 10 बजे तक टीकाकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतीराज व ग्राम्य विकास विभाग की सहायता से तथा ग्राम प्रधान और जनप्रतिनिधियों को लीडरशिप देकर कोरोना वैक्सीनेशन बढ़ाया जाना चाहिए।

ये लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर नगर विकास मंत्री आशुतोष टण्डन, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एमएसएमई नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव नगर विकास डॉ रजनीश दुबे, अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा आलोक कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

बाजरे की खेती से किसानों की बल्ले-बल्ले : 800 करोड़ खर्च करेगा केंद्र, योगी सरकार ने भी बनाई कार्ययोजना

Sunil Kumar Rai

देवरिया में सफाई कर्मी ने फर्जी दस्तावेज पर कमाये 55 लाख : अब प्रशासन करेगा वसूली, जानें पूरा मामला

Sunil Kumar Rai

देश-दुनिया की जरूरतों को पूरा करेगा यीडा में बनने वाला प्लास्टिक पार्क : बोर्ड ने प्रस्ताव को दी मंजूरी

Satyendra Kr Vishwakarma

Navratri 2022 : विश्व हिन्दू परिषद ने विशाल शोभा यात्रा निकाली, बच्चों में दिखा जोश

Sunil Kumar Rai

Deoria News : भाजपा सांसद, मंत्री और पदाधिकारियों ने फहराया तिरंगा, जानें किसने क्या कहा

Abhishek Kumar Rai

योगी सरकार ने दिए डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाने के आदेश : 21 जिलों के सभी गांवों में समय के अंदर पूरा होगा

Sunil Kumar Rai
error: Content is protected !!