उत्तर प्रदेशखबरें

‘ठेके-पट्टे, ट्रांसफर-पोस्टिंग से दूरी बनाएं जनप्रतिनिधि,’ सीएम योगी ने किया विधायकों का मार्गदर्शन

Uttar Pradesh : सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने उत्तर प्रदेश की 18वीं विधान सभा के नवनिर्वाचित सदस्यों के दो-दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम के समापन समारोह में शनिवार को हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने विधायकों को कई सीख दीं और उन्हें अपने जीवन में उतारने के लिए कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में शालीनता और धैर्य व्यक्ति को आगे बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में राजनीति को आड़े नहीं आने देना चाहिए। जनप्रतिनिधि सत्तापक्ष का हो अथवा प्रतिपक्ष का, विकास कार्यों से जुड़कर आगे बढ़ने पर उसका श्रेय जनप्रतिनिधि को ही प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि विधायकगण को केन्द्र सरकार व राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संवेदनशील बनना पड़ेगा। ठेके-पट्टे, ट्रांसफर-पोस्टिंग से दूरी बनानी होगी।

जनता सब कुछ है
सीएम योगी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता को जनार्दन माना गया है, इसलिए हमारी जनता के प्रति जवाबदेही है। जनप्रतिनिधि का जनता से संवाद जितना अच्छा होगा, जिस मजबूती के साथ वह जनता के कल्याण के लिए प्रयास करेगा, उतना ही जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा। उन्होंने कहा कि जनता बहुत जागरूक है, उन्हें जनप्रतिनिधि की गतिविधियों की जानकारी होती है।

सकारात्मक रहें
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक को सकारात्मकता के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। जनता नकारात्मकता को पसन्द नहीं करती। सकारात्मक बात को ही जनता अपने हित में लेती है। सकारात्मक भाव से बात उठाने पर जनता का समर्थन प्राप्त होता है। सकारात्मक बातों का सकारात्मक परिणाम भी मिलता है।

काबू कर लिया गया है
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 1998 में सांसद बनने के बाद उन्होंने लोक सभा में इन्सेफेलाइटिस (Encephalitis) का मामला उठाया। जनहित का प्रकरण होने के कारण इसमें प्रदेश के अन्य सांसदों का भी उन्हें समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री का कार्यभार सम्भालने के बाद उन्होंने इस बीमारी को नियंत्रित करने के लिए प्रयास किया। इसके लिए अन्तर्विभागीय समन्वय के माध्यम से कार्यक्रम संचालित किये गये। वर्तमान में प्रदेश में इन्सेफेलाइटिस पर लगभग पूरी तरह काबू कर लिया गया है। साथ ही, वेक्टर जनित बीमारियों को नियंत्रित करने का बेहतरीन मॉडल भी सामने आया है। अन्तर्विभागीय समन्वय के इस मॉडल ने कोरोना संक्रमण को भी नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी, जिसकी आज देश और दुनिया में सराहना हो रही है।

अभ्यास करना चाहिए
मुख्यमंत्री ने विधान सभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि प्रत्येक सत्र में एक-दो सदस्यों को आदर्श सदस्य के रूप में सम्मानित किया जाना चाहिए। सदन में नये सदस्यों को बोलने का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि 17वीं विधान सभा में सतत् विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए 36 घण्टे की लगातार चर्चा हुई। इसमें कई नये सदस्यों ने प्रभावशाली ढंग से अपनी बात रखीं। उन्होंने कहा कि नये सदस्यों को कम शब्दों में प्रभावशाली ढंग से अपनी बात रखने के लिए अभ्यास भी करना चाहिए। सदस्य के वक्तव्य में विकास के प्रति सकारात्मक दृष्टि और व्यावहारिक ज्ञान होना चाहिए। भाषा का साहित्यिक होना आवश्यक नहीं है। भाषा सकारात्मक और व्यावहारिक होनी चाहिए।

जनता का समर्थन मिलता है
सीएम ने कहा कि जनप्रतिनिधि, जनता के प्रति अपने सम्बोधन से सम्मोहन पैदा करते हैं, उसी से जनता का समर्थन मिलता है। सदन में होने वाली गम्भीर चर्चा सदस्यों को सम्मान का प्रतीक बनाती है। सदन में आने वाला अतिथि सत्तापक्ष अथवा विपक्ष का नहीं होता। वह सदन का अतिथि होता है। इसलिए सदन में बाहर से किसी अतिथि के आने अथवा राज्यपाल या राष्ट्रपति के आने पर सभी सदस्यों को अपने स्थान पर बैठकर उनका भाषण पूरे ध्यान से सुनना चाहिए।

संयुक्त सत्र को सम्बोधित करेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल 21 मई, 2022 को ई-विधान के शुभारम्भ के लिए लोक सभा अध्यक्ष विधान सभा में आये थे। इस अवसर पर सत्तापक्ष-विपक्ष दोनों उपस्थित थे। इससे देश में अच्छा संदेश गया कि ई-विधान के नवाचार के लिए सत्तापक्ष-विपक्ष में सहमति है। इसका मतलब प्रदेश के विकास के लिए हम सभी राजनीतिक मतों से ऊपर उठकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ेंगे। सदन में मोबाइल फोन बन्द करके रखना चाहिए। सदन के अन्दर फोन बजने से अच्छा मैसेज नहीं जाता है। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 06 जून, 2022 को राष्ट्रपति राज्य विधान मण्डल के संयुक्त सत्र को सम्बोधित करेंगे।

छवि को आगे बढ़ाना है
उन्होंने आगे कहा, “हमने अपील की कि सड़क पर कोई भी धार्मिक कार्यक्रम नहीं होंगे। इसी प्रकार हमने अपील की कि लाउडस्पीकर की आवाज परिसर के बाहर नहीं आनी चाहिए। इसमें भी सभी ने मिलकर योगदान किया है। लोगों को मालूम है कि यह एकतरफा नहीं है, सबके लिए समान रूप से लागू हो रहा है। इसलिए सब मिलकर सहयोग कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश देश के विकास का अग्रणी नेतृत्वकर्ता बनेगा, सभी सदस्यों के माध्यम से इस छवि को आगे बढ़ाना है।”

संसदीय कमेटियां बनेंगी
सीएम योगी ने कहा कि विधान सभा सत्र के बाद संसदीय कमेटियां बनेंगी। इनका कार्य सलाहकारी है। इसका ध्यान रखना चाहिए। इसके लिए हम सभी को अपने अधिकार और दायित्वों के बीच समन्वय बनाने की जरूरत है। ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए, जिससे किसी को हमारी योग्यता या क्षमता अथवा किसी न्यायालय को हमारी कार्य पद्धति पर अंगुली उठाने का अवसर मिले।

रविवार तक भ्रमण पर रहेंगे
सीएम कहा कि सभी मंत्रिगण शुक्रवार से लेकर रविवार तक भ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान वे जनता से मिलने के अलावा समीक्षा बैठक और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे। उन्होंने कहा कि सोमवार से लेकर गुरुवार तक मेरे सहित दोनों उप मुख्यमंत्री, मंत्री, राजधानी में उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने विधान सभा अध्यक्ष और विधान परिषद के सभापति से अनुरोध किया कि संसदीय कमेटियों की बैठक सोमवार-मंगलवार को लगायी जाए, जिससे सभी सदस्य उसमें प्रतिभाग कर सकें।

ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम के अन्त में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित मंत्री, अन्य जनप्रतिनिधि, प्रमुख सचिव विधान सभा प्रदीप दुबे सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

Russia Ukraine War : मारियुपोल पर रूस के कब्जे से शांति प्रयासों को लगा झटका, यूक्रेन ने कहा – यह रेड लाइन साबित होगा

Sunil Kumar Rai

देवरिया के 30 पंचायत सहायकों पर लटक रही कार्रवाई की तलवार : प्रशासन ने दी आखिरी चेतावनी

Sunil Kumar Rai

9 को प्रदेश भर में ‘पंच प्रण’ की शपथ दिलाएगी योगी सरकार : लखनऊ और दिल्ली जाएगी हर गांव की मिट्टी, देशभक्ति से…

Rajeev Singh

विद्युत विभाग और लेखपालों पर आगजनी रोकने की जिम्मेदारी : डीएम की अपील-लोग बरतें ये एहतियात

Swapnil Yadav

Kakori Train Action : काकोरी में 4,679 रुपये लूटने वाले देशभक्तों की गिरफ्तारी के लिए ब्रिटिश हुकूमत ने खर्चे 10 लाख से ज्यादा, सीएम योगी ने इतिहास से कराया रूबरू

Abhishek Kumar Rai

CDS Helicopter Crash: सीएम योगी ने CDS बिपिन रावत को दी श्रद्धांजलि, परिजनों को दिलाया भरोसा

Satyendra Kr Vishwakarma
error: Content is protected !!