Deoria News : मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने जनपद में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित एवं निर्माणाधीन ग्रामीण पाइप पेयजल योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में सर्वप्रथम विकास खंड भटनी के ग्राम खजुरी करौता में पूर्व से संचालित ग्रामीण पाइप पेयजल योजना के गृह संयोजनों की जांच की गई। यहां पेयजल आपूर्ति सुचारु रूप से संचालित पाई गई।
इसके उपरांत ग्राम नूनखार में निर्माणाधीन ग्रामीण पाइप पेयजल योजना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान योजना का कार्य अपूर्ण पाया गया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं अधिशासी अभियंता को कार्य शीघ्र पूर्ण कर पेयजल आपूर्ति प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद ग्राम बरडीहा में निर्मित ग्रामीण पाइप पेयजल योजना का निरीक्षण किया गया। यहां योजना के माध्यम से ग्राम में नियमित जलापूर्ति संचालित पाई गई। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को योजना का संचालन नियमानुसार प्रतिदिन सुबह-शाम सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यदायी फर्मों द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति में तेजी लाने पर बल दिया। जिन योजनाओं में शिरोपरि जलाशय (ओवरहेड टैंक) का कार्य अभी अपूर्ण है, वहां अस्थायी व्यवस्था के तहत नलकूप से सीधे जलापूर्ति संचालित कर ग्रामीणों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।